राजस्थान के झुंझुनूं में पंचायत चुनाव के बीच सर्किट हाउस में कमरा खोलने को लेकर आरएलपी सुप्रीमो और सांसद हनुमान बेनीवाल की अधिकारियों से तीखी बहस हो गई। मैनेजर ने आचार संहिता का हवाला देकर कमरा देने से इनकार किया, जिसके बाद बेनीवाल नाराज हो गए। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Knews Desk – पंचायती राज चुनाव के दौरान चुनावी जनसभा को संबोधित करने झुंझुनूं पहुंचे सांसद हनुमान बेनीवाल सर्किट हाउस में कमरा खुलवाने पहुंचे थे। वहां मौजूद सर्किट हाउस के मैनेजर मनोहर लाल कोहली ने आचार संहिता लागू होने का हवाला देते हुए कमरा देने से इनकार कर दिया।
वायरल वीडियो में बेनीवाल मैनेजर से कमरे का दरवाजा खोलने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। मैनेजर उन्हें बताते हैं कि पंचायत चुनाव की आचार संहिता लगी हुई है और इस मामले में कलेक्टर से बात करने की बात कहते हैं।
‘कैसे नहीं खुलेगा, मैं देखता हूं’
कमरा नहीं खोले जाने पर बेनीवाल और मैनेजर के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है। वीडियो में बेनीवाल गुस्से में कहते सुनाई देते हैं, “कैसे नहीं खुलेगा, मैं देखता हूं।”
इसके बाद बेनीवाल वीडियो बना रहे लोगों से मोबाइल कैमरे बंद करने और नीचे करने के लिए भी कहते नजर आते हैं। कमरे को लेकर हुई इस नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में कमरे का दरवाजा नहीं खोले जाने से सांसद नाराज हो गए थे। इसी बात को लेकर उनकी अधिकारियों से बहस हुई। हालांकि वायरल वीडियो में इसके आगे का पूरा घटनाक्रम दिखाई नहीं देता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, बाद में कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग से बातचीत के बाद सर्किट हाउस के मैनेजर ने हॉल और कमरा खोल दिया।