KNEWS DESK- भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। चीन में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने मेजबान टीम को 1-0 से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। इस उपलब्धि के साथ भारतीय टीम ने जूनियर हॉकी विश्व कप 2027 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन किया। भारत की ओर से सनिका चंद्रकांत माने ने 17वें मिनट में निर्णायक गोल दागा। इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने चीन के लगातार हमलों का डटकर सामना किया और बढ़त को अंत तक कायम रखा।
इस जीत के साथ भारत ने जूनियर महिला एशिया कप में खिताब की हैट्रिक पूरी की। टीम के शानदार प्रदर्शन की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत देश के लिए गर्व का क्षण है और इससे महिला हॉकी को नई प्रेरणा मिलेगी।
भारतीय टीम की इस सफलता को हॉकी के क्षेत्र में नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के बढ़ते आत्मविश्वास और मजबूत तैयारी का परिणाम माना जा रहा है। एशिया कप जीतने के बाद अब टीम का अगला लक्ष्य जूनियर विश्व कप में बेहतर प्रदर्शन करना होगा।