रांची में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को रौंदा; दोनों की मौत

झारखंड के सोनाहातू में पश्चिम बंगाल लौट रहे पति-पत्नी की सड़क हादसे में जान चली गई. ट्रक की टक्कर के बाद पत्नी ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि पति की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई. घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर मुआवजे की मांग की.

Knews Desk- झारखंड के रांची जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सोनाहातू थाना क्षेत्र के देवांनसारना गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी को पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में दोनों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के कुसी पापड़ाहुडुम गांव निवासी रमेश महतो और उनकी पत्नी सिंधु देवी के रूप में हुई है.

जानकारी के मुताबिक, रमेश महतो अपनी पत्नी के साथ सोनाहातू के बारेदा कुलयानटांड़ में रिश्तेदार के घर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर पश्चिम बंगाल लौट रहे थे. इसी दौरान देवांनसारना गांव के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार हाईवे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में सिंधु देवी को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, रमेश महतो गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल ले जाते समय पति ने भी तोड़ा दम

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायल रमेश महतो को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर से परिवार और गांव में मातम छा गया.

घटना से नाराज मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों के शवों को सड़क पर रखकर सिल्ली-रंगामाटी मुख्य मार्ग जाम कर दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की.

सड़क जाम की सूचना मिलते ही सोनाहातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने लोगों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया. साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. इस घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *