Auraiya News: औरैया में रामगंगा नहर के किनारे टहल रहे 25 वर्षीय युवक को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया. संतुलन बिगड़ने से वह नहर में जा गिरा. करीब 12 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार सुबह उसका शव बरामद किया गया.
Knews desk- उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई. बेला थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी आशुतोष उर्फ आस्तू शनिवार शाम रामगंगा नहर के किनारे टहलने गया था. इसी दौरान अचानक मिर्गी का दौरा पड़ने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर के गहरे पानी में गिर गया.
आसपास मौजूद लोगों ने युवक को डूबते देखा तो शोर मचाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन नहर का बहाव तेज होने के कारण वह पानी में बह गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की.
अंधेरा होने से रोकना पड़ा रेस्क्यू, सुबह मिला शव
शनिवार देर रात तक नहर में युवक की तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण बचाव अभियान में परेशानी आई. इसके बाद रविवार तड़के करीब 5 बजे 43वीं पीएसी एटा की 12 सदस्यीय टीम घटनास्थल पर पहुंची. हेड कांस्टेबल श्याम सुंदर के नेतृत्व में जवानों ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया.
करीब ढाई घंटे की तलाश के बाद सुबह 7:30 बजे आशुतोष का शव नहर से बाहर निकाला गया. इस तरह हादसे के लगभग 12 घंटे बाद परिवार को युवक का शव मिल सका.
परिवार का बड़ा सहारा था आशुतोष
आशुतोष अपने परिवार में सबसे बड़ा था और कमलपुर नहर के पास कटिंग की दुकान चलाकर घर का खर्च उठाता था. उसकी मौत की खबर मिलते ही मां रजनी देवी, पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. युवक की मौत से अलीपुर गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए औरैया जिला अस्पताल भेज दिया है. पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.