काशीपुर में मेहविश की मौत का खुलासा, छीनाझपटी के दौरान चली थी गोली; तीन आरोपी गिरफ्तार

Uttarakhand Crime News: ऊधमसिंह नगर के काशीपुर में युवती मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में सामने आया कि छीनाझपटी के दौरान गोली चली थी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है.

Knews Desk- उत्तराखंड के काशीपुर में 10 सितंबर को मेहविश की गोली लगने से हुई मौत के मामले में आईटीआई थाना पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद, फिजा और सबीना के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल 12 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है.

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि घटना के वक्त साजिद की छोटी बेटी फिजा और मेहविश के बीच छीनाझपटी हो रही थी. इसी दौरान गोली चल गई, जो मेहविश को लगी. गोली लगने से युवती की मौत हो गई.

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद साजिद और फिजा ने फर्श पर पड़े खून के निशान साफ करने की कोशिश की. इसके अलावा शव को एक जगह से दूसरी जगह ले जाकर घटनास्थल बदलने का प्रयास भी किया गया. पुलिस अब इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

मृतका के परिजन फईम हुसैन की तहरीर पर 11 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था. एसएसपी ऊधमसिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया.

12 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अलीगंज रोड से पीपल गांव जाने वाले रास्ते पर राधास्वामी सत्संग के पास घेराबंदी की. इसी दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. तलाशी में साजिद के पास से 12 बोर का अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद हुआ.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है. बरामद हथियार, कारतूस और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है.