knews desk – पंजाब के बरनाला में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की. घटना के वक्त गायक विदेश में थे. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पंजाब के बरनाला जिले के फरवाही गांव में मशहूर पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू के पैतृक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच बाइक सवार तीन युवकों ने उनके घर के गेट को निशाना बनाकर 7 से 8 राउंड गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि हमले में परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ।
हमले का वीडियो आया सामने
फायरिंग की घटना का सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में एक बाइक पर सवार तीन युवक गुलाब सिद्धू के घर के पास रुकते दिखाई दे रहे हैं। बाइक के बीच में बैठा युवक पिस्टल लोड कर गेट पर फायरिंग शुरू करता है, जबकि पीछे बैठा दूसरा युवक भी गोलियां चलाता नजर आ रहा है।
इस दौरान बाइक चला रहा तीसरा युवक मोबाइल से पूरी वारदात रिकॉर्ड करता रहा। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना के वक्त विदेश में थे गुलाब सिद्धू
वारदात के समय गुलाब सिद्धू अपने म्यूजिकल शो और लाइव प्रोग्राम्स के सिलसिले में विदेश में मौजूद थे। घटना के बाद एक कथित ऑडियो मैसेज भी सामने आया है, जिसमें गैंगस्टर डोनी बल ने गुलाब सिद्धू के घर पर गोलियां चलवाने की बात कबूल की है। हालांकि, पुलिस और स्थानीय मीडिया इस ऑडियो की सत्यता की जांच कर रहे हैं।
गुलाब सिद्धू दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के करीबी दोस्तों में शामिल रहे हैं। मूसेवाला की हत्या के बाद से ही गुलाब सिद्धू को कथित तौर पर जान से मारने की धमकियां और फिरौती के फोन मिल रहे थे। सुरक्षा इनपुट के आधार पर पंजाब पुलिस ने उन्हें पहले से दो सुरक्षाकर्मी मुहैया करा रखे हैं।
जनवरी में भी नाकाम हुई थी हमले की साजिश
यह पहली बार नहीं है जब गुलाब सिद्धू अपराधियों के निशाने पर आए हैं। इससे पहले 10 जनवरी 2026 को बरनाला पुलिस ने गायक पर हमले की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
उस मामले में कोटदूना गांव के सरपंच बलजिंदर सिंह उर्फ किंदा को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया था। आरोप था कि वह गुलाब सिद्धू के गाने ‘सरपंचियां’ के बोलों से नाराज था और लाइव शो के दौरान गायक पर हमला कर इलाके में दहशत फैलाना चाहता था, ताकि बाद में मोटी फिरौती वसूली जा सके।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। पुलिस गांव के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स के साथ-साथ मुख्य सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।