हमीरपुर में बेटे ने की बुजुर्ग पिता की हत्या, गला दबाने के बाद ब्लेड से किए कई वार

Hamirpur Son Kills Father: यूपी के हमीरपुर में शराब के नशे में एक बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी ने पहले पिता का गला दबाया और फिर ब्लेड से शरीर पर कई वार किए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

Knews desk- उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है. मुस्करा थाना क्षेत्र के बिहुनी गांव में शराब के नशे में नरेश नाम के युवक ने अपने पिता ठाकुरदास की हत्या कर दी. घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, वारदात से पहले नरेश अपनी भाभी राधा के साथ गाली-गलौज कर रहा था. उसने भाभी को एक कमरे में बंद कर दिया. इस दौरान चारपाई पर लेटे पिता ठाकुरदास ने बेटे को डांटकर रोकने की कोशिश की. इससे नाराज नरेश ने पिता के साथ भी अभद्रता की और उन पर ईंट से हमला कर दिया.

आरोप है कि इसके बाद नरेश पिता के सीने पर चढ़ गया और उनका गला दबा दिया. पिता की मौत के बाद भी जब उसे उनके जिंदा होने का शक हुआ तो उसने ब्लेड से गले, सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर दिए. गंभीर चोटों के कारण ठाकुरदास की मौके पर ही मौत हो गई.

भाभी को धमकाकर कमरे में किया बंद

घटना के बाद आरोपी ने अपनी भाभी को कमरे से बाहर निकाला. ससुर को खून से लथपथ देखकर राधा चीख पड़ी. आरोप है कि नरेश ने उसे धमकी दी कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया तो वह पूरे परिवार को जान से मार देगा.

राधा ने रात करीब 12 बजे के बाद चित्रकूट गए अपने पति इंदल और सास कुसमा रानी को फोन कर घटना की जानकारी दी. सुबह घर लौटने के बाद इंदल ने थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ पिता की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया.

पुलिस की पूछताछ में खुला राज

मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच शुरू की. शिकायतकर्ता परिवार का सदस्य होने के कारण नरेश भी पुलिस के शक के घेरे में आ गया. पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.

मुस्करा थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपी ने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार की है. पुलिस ने उसे वारदात में इस्तेमाल सामान के साथ गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *