KNEWS DESK- मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम इन दिनों भारत के आधिकारिक दौरे पर हैं। वह नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। कांग्रेस की ओर से भी इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की गई हैं।
सामने आई तस्वीरों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अनवर इब्राहिम एक साथ नाश्ता करते नजर आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में राहुल गांधी और अनवर इब्राहिम एक-दूसरे का हाथ थामे मुस्कुराते दिखाई दे रहे हैं। मुलाकात के दौरान कई अन्य लोग भी मौजूद रहे।
2024 में भी हुई थी मुलाकात
अनवर इब्राहिम और राहुल गांधी की यह पहली मुलाकात नहीं है। इससे पहले वर्ष 2024 में भारत की आधिकारिक यात्रा के दौरान भी दोनों नेताओं की मुलाकात हुई थी। उस समय अनवर इब्राहिम ने गांधी परिवार को अपना पारिवारिक मित्र बताया था।
BRICS डिनर में गाना गाते दिखे अनवर इब्राहिम
BRICS समिट के दौरान अनवर इब्राहिम का एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। दिल्ली में आयोजित डिनर कार्यक्रम में उन्होंने हिंदी सिनेमा का लोकप्रिय गीत गाया। मलेशियाई प्रधानमंत्री ने किशोर कुमार का मशहूर गाना ‘ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत’ गुनगुनाया।
यह गीत वर्ष 1965 में रिलीज हुई फिल्म ‘तीन देवियां’ का है। इसे एसडी बर्मन ने संगीत दिया था, जबकि गीत के बोल मजरूह सुल्तानपुरी ने लिखे थे। हिंदी फिल्मों और संगीत में अनवर इब्राहिम की रुचि पहले भी सामने आती रही है। उनके गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।