KNEWS DESK- भारत की मेजबानी में नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय BRICS समिट 2026 का आज अंतिम दिन है। रविवार सुबह भारत मंडपम में सदस्य देशों, पार्टनर देशों और आउटरीच के लिए आमंत्रित राष्ट्रों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों का पहुंचना शुरू हो गया। सम्मेलन के आखिरी दिन आधिकारिक फैमिली फोटो, मुख्य ओपन सेशन और कई अहम द्विपक्षीय बैठकें होंगी। समिट के समापन पर नई दिल्ली डिक्लेरेशन जारी किया जाएगा।
सुबह 10 बजे से नेताओं का आगमन
BRICS समिट के अंतिम दिन सुबह करीब 9:55 बजे से नेताओं का भारत मंडपम पहुंचना शुरू हुआ। सभी नेता भारत मंडपम के लेवल-2 पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। BRICS में वर्तमान में 11 सदस्य देश हैं। इनमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और इंडोनेशिया शामिल हैं।
10:35 बजे फैमिली फोटो
सुबह 10:35 बजे BRICS नेताओं की आधिकारिक फैमिली फोटो होगी। इसके बाद 10:50 बजे मुख्य ओपन सेशन शुरू होगा। इस सत्र का विषय ‘Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability: Shaping the Future for Inclusive Global Growth’ है। इसका उद्देश्य मजबूती, नवाचार, सहयोग और टिकाऊ विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य तैयार करना है।
समिट के दौरान वैश्विक शासन, बहुपक्षवाद, आर्थिक सहयोग, सुरक्षा और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन के अंत में नई दिल्ली घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।
PM मोदी की सात द्विपक्षीय बैठकें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी BRICS समिट से अलग सात देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार—
- दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात होगी।
- दोपहर 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से बैठक होगी।
- दोपहर 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात होगी।
- शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा से बातचीत होगी।
- शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये से बैठक होगी।
- शाम 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा से मुलाकात होगी।
- शाम 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो से बैठक निर्धारित है।
भारत की अध्यक्षता में 350 से अधिक बैठकें
भारत ने 1 जनवरी 2026 को चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली है। इससे पहले भारत 2012, 2016 और 2021 में समूह की अध्यक्षता कर चुका है। इस बार भारत ने ‘Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability’ को थीम बनाया है। इसके तहत ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ के सिद्धांत के साथ लोगों को केंद्र में रखने पर जोर दिया गया है।
भारत की अध्यक्षता के दौरान देश के 25 से ज्यादा शहरों में 350 से अधिक बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें राजनीतिक एवं सुरक्षा सहयोग, आर्थिक एवं वित्तीय सहयोग तथा सांस्कृतिक और जनसंपर्क से जुड़े क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया। BRICS के सदस्य देश दुनिया की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत GDP और लगभग 26 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं।