गाजियाबाद के मुरादनगर में शादी के कुछ महीनों बाद नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और छत से फेंककर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
kNEWS dESK- गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान आकृति उर्फ रिया के रूप में हुई है. आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान कर रहे थे. घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
मामला मुरादनगर के महावीर लोहे वालों के पास नेहा पैंट हाउस मेन रोड का बताया जा रहा है. नोएडा के भंगेल बेगमपुर निवासी प्रभात ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन आकृति की शादी मुरादनगर निवासी गौरव से हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी तय होने के समय से ही लड़के पक्ष की ओर से गाड़ी और अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी. बाद में दोनों की कोर्ट मैरिज हुई.
मृतका के भाई के मुताबिक, शादी के बाद पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज, जेठ सनी और ननद नेहा व सोनी दहेज के लिए आकृति पर दबाव बनाना शुरू कर दिया. आरोप है कि मायके से 30 लाख रुपये नकद और स्कॉर्पियो-एन गाड़ी लाने की मांग की जा रही थी. मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था.
भाई को फोन पर बताई थी परेशानी
शिकायत के अनुसार, 7 सितंबर की रात आकृति ने अपने भाई प्रभात को फोन किया था. वह रो रही थी और उसने बताया कि ससुराल वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. भाई कुछ कर पाता, उससे पहले ही ससुराल पक्ष से फोन आया कि आकृति छत से गिर गई है.
परिजन आनन-फानन में मुरादनगर के अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने आकृति को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिवार में मातम छा गया.
प्रभात की तहरीर पर मुरादनगर पुलिस ने पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज, जेठ सनी और ननद नेहा व सोनी के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने की बात कही गई है.
फिलहाल नवविवाहिता की मौत के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.