Kanpur Crime News: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. आरोप है कि मां ने पड़ोस के युवक के साथ मिलकर बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस जांच के दौरान प्रेमी के आत्महत्या का प्रयास करने और फिर फरार होने की बात सामने आई है.
Knews Desk- कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के एक गांव में 14 वर्षीय किशोर की मौत से सनसनी फैल गई. आरोप है कि किशोर ने अपनी मां को पड़ोस के युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था. बेटे ने जब इस पर आपत्ति जताई, तो मां और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर उसका गला दबा दिया. घटना के बाद महिला ने मौत को स्वाभाविक बताने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों को शक होने पर मामला पुलिस तक पहुंच गया.
बीमारी से नहीं, गला दबाने से हुई किशोर की मौत
घटना गुरुवार रात की बताई जा रही है. शुक्रवार सुबह महिला ने आसपास के लोगों को बताया कि उसके बेटे की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई है. हालांकि, गांव में महिला और पड़ोस के युवक के संबंधों को लेकर पहले से चर्चा थी. ग्रामीणों को मौत की परिस्थितियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
महाराजपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की. किशोर के शरीर और गर्दन पर संदिग्ध निशान मिले. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाना सामने आया, जिसके बाद मामले ने हत्या का रूप ले लिया.
पिता मुंबई में करते हैं काम, घर में रहते थे तीन बेटे
पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर के पिता मुंबई में शटरिंग का काम करते हैं. घर में उनकी पत्नी और तीन बेटे रहते थे. ग्रामीणों का कहना है कि महिला का पड़ोस के एक युवक के साथ काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. आरोप है कि इसी संबंध का राज खुलने के डर से किशोर की हत्या कर दी गई.
पुलिस की जांच बढ़ी तो प्रेमी ने लगाया फंदा
किशोर की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज की. इसी बीच आरोपी युवक ने कथित तौर पर अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की. हालांकि, समय रहते परिजनों और पड़ोसियों की नजर पड़ गई और उसे बचा लिया गया.
बताया जा रहा है कि इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है. वहीं, आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है.