Bank Strike Today: आज से 3 दिन तक बंद रहेंगे सरकारी बैंक, जानें क्या-क्या होगा प्रभावित

KNEWS DESK- देशभर के सरकारी बैंकों में शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को देशव्यापी हड़ताल है. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर हड़ताल कर रहे हैं. कई दौर की बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बनने पर यूनियनों ने हड़ताल वापस लेने से इनकार कर दिया.

हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में कैश जमा करने, पैसे निकालने, चेक क्लीयरिंग, ड्राफ्ट बनवाने और लोन से जुड़े काम प्रभावित रहेंगे. ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं के लिए सोमवार तक इंतजार करना पड़ सकता है.

SBI, PNB समेत सरकारी बैंकों में कामकाज प्रभावित

हड़ताल का असर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूको बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र समेत कई सरकारी बैंकों पर पड़ रहा है.

शाखाओं में काउंटर सेवाएं बंद रहने से ग्राहकों को कैश लेन-देन और अन्य जरूरी कामों में परेशानी हो सकती है. चेक क्लीयरिंग, डिमांड ड्राफ्ट और लोन से संबंधित प्रक्रियाएं भी प्रभावित होने की संभावना है.

निजी बैंकों के ग्राहकों को राहत

एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, यस बैंक और इंडसइंड बैंक जैसे बड़े निजी बैंकों के सामान्य कामकाज पर इस हड़ताल का असर नहीं पड़ने की उम्मीद है. इन बैंकों की शाखाएं सामान्य रूप से खुली रह सकती हैं.

हालांकि, कुछ पुराने निजी बैंकों में कर्मचारी संगठनों की भागीदारी और स्थानीय परिस्थितियों के कारण सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं. कोऑपरेटिव बैंकों की स्थिति भी अलग-अलग हो सकती है. ग्राहकों को अपनी शाखा से पहले जानकारी लेने की सलाह दी गई है.

UPI, इंटरनेट बैंकिंग और ATM चालू रहेंगे?

बैंक कर्मचारियों की हड़ताल से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के सामान्य रूप से जारी रहने की उम्मीद है. ग्राहक UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए लेन-देन कर सकते हैं. ATM सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी, लेकिन कुछ जगहों पर नकदी की कमी हो सकती है.

हड़ताल के कारण ATM में कैश रीफिलिंग प्रभावित होने या तकनीकी दिक्कत आने की स्थिति में ग्राहकों को परेशानी हो सकती है. इसलिए बड़े कैश लेन-देन के लिए पहले से तैयारी करना बेहतर होगा.

शनिवार और रविवार की छुट्टी से बढ़ेगी परेशानी

11 सितंबर को हड़ताल के बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार है. इन दोनों दिनों बैंक शाखाएं बंद रहेंगी. ऐसे में सरकारी बैंकों में नियमित शाखा सेवाएं अब सीधे सोमवार, 14 सितंबर को बहाल होने की उम्मीद है.

लगातार तीन दिनों तक बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहने से कैश जमा करने, चेक क्लीयरिंग, ड्राफ्ट और अन्य शाखा संबंधी कामों के लिए ग्राहकों को इंतजार करना पड़ सकता है. जरूरी कामों के लिए डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करना बेहतर विकल्प रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *