KNEWS DESK- दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. विदेशी मेहमानों और VVIP काफिलों की आवाजाही के चलते 11 से 13 सितंबर तक राजधानी के कई हिस्सों में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 22 डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं. यात्रियों को यात्रा से पहले रूट की जानकारी लेने और अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है.
स्कूल, सरकारी ऑफिस और सुप्रीम कोर्ट में छुट्टी
ब्रिक्स समिट के चलते दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे. केंद्र और दिल्ली सरकार के कार्यालयों, स्वायत्त संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में भी छुट्टी रहेगी. सुप्रीम कोर्ट की एडमिनिस्ट्रेटिव जनरल ब्रांच ने 11 सितंबर को कोर्ट और रजिस्ट्री के लिए अवकाश घोषित किया है. रजिस्ट्री 12 सितंबर को भी बंद रहेगी. हालांकि, निजी कार्यालयों को बंद रखने को लेकर कोई सामान्य निर्देश जारी नहीं किया गया है.
बैंक खुले रहेंगे, लेकिन ट्रैफिक से परेशानी संभव
11 सितंबर को दिल्ली में बैंक बंद नहीं रहेंगे. RBI के हॉलिडे कैलेंडर के अनुसार, इस दिन राजधानी में बैंक अवकाश नहीं है. बैंक शाखाएं सामान्य रूप से खुली रहेंगी, लेकिन VVIP मूवमेंट और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो सकती है.
22 जगहों पर ट्रैफिक डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली में एक कंट्रोल्ड एरिया बनाया है. इसके तहत 22 प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक का रास्ता बदला जा सकता है. इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, गुरु नानक चौक, KG मार्ग, जनपथ, पटेल चौक, RML अस्पताल, धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर शामिल हैं.
इसके अलावा मदरसा टी-पॉइंट, लोधी रोड, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, मथुरा रोड, भैरों रोड और मंडी हाउस समेत कई मार्गों पर भी प्रतिबंध या डायवर्जन लागू हो सकते हैं. यात्रियों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी देखकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
एयरपोर्ट जाने वालों के लिए खास रूट
एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए अलग रूट प्लान जारी किया गया है. गुरुग्राम से टर्मिनल 2, 3 और 4 जाने वाले लोग NH-48, राव गजराज सिंह मार्ग, पुरानी दिल्ली-गुरुग्राम रोड और UER-II का इस्तेमाल कर सकते हैं.
द्वारका से एयरपोर्ट जाने वालों को सेक्टर-22 द्वारका रोड और UER-II का रास्ता लेने की सलाह दी गई है. नई दिल्ली और दक्षिण दिल्ली से आने वाले यात्रियों के लिए एम्स चौक, रिंग रोड, मोती बाग, RTR मार्ग और महिपालपुर फ्लाईओवर जैसे वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं. ट्रैफिक पाबंदियों को देखते हुए एयरपोर्ट जाने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई है.
फ्लाइट्स और एयरपोर्ट पर भी पाबंदियां
BRICS समिट के चलते 11 सितंबर रात 1:30 बजे से 13 सितंबर शाम 5:30 बजे तक विशेष सुरक्षा नियम लागू रहेंगे. दिल्ली और 300 किलोमीटर के दायरे में आने वाले एयरपोर्ट पर सामान्य उड़ानों के अलावा कुछ विशेष उड़ानों को ही अनुमति होगी.
नियमों के तहत नियमित शेड्यूल्ड एयरलाइन फ्लाइट्स, समिट से जुड़ी विशेष उड़ानें, भारतीय वायुसेना और BSF की उड़ानें तथा आपातकालीन हेलिकॉप्टर सेवाएं संचालित हो सकेंगी. सफदरजंग एयरपोर्ट बंद रहेगा, जबकि रोहिणी हेलीपैड पूरी तरह बंद रहेगा.
हेल्पलाइन और अपडेट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से आधिकारिक एडवाइजरी और सोशल मीडिया अपडेट फॉलो करने को कहा है. ट्रैफिक संबंधी मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा ट्रैफिक से जुड़ी जानकारी और शिकायतों के लिए WhatsApp नंबर 8750871493 भी जारी किया गया है.