75% ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ने की तैयारी, यात्री परिवहन विजन समिट में निवेश और रोजगार पर जोर

knews desk – मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में स्मार्ट, सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए ‘यात्री परिवहन विजन समिट-2026’ का आयोजन कर रही है. समिट में यात्री परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने के साथ निवेश, रोजगार और उद्योग के नए अवसरों पर भी चर्चा होगी.

75% ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ने का लक्ष्य

सरकार का लक्ष्य प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों को बस सेवा से जोड़ना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सके. समिट में देशभर से परिवहन विशेषज्ञ, निजी बस ऑपरेटर, उद्योग प्रतिनिधि और नीति-निर्माता हिस्सा लेकर भविष्य के यात्री परिवहन का रोडमैप तैयार करने में सहयोग करेंगे.

‘मोबिलिटी विजन 2030’ के तहत प्रदेश में 15,000 से अधिक आधुनिक सार्वजनिक बसें संचालित करने की योजना है. इनसे प्रतिदिन 30 लाख से ज्यादा यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलने का अनुमान है. इसके अलावा 180 से ज्यादा बस स्टैंड, टर्मिनल और डिपो का कायाकल्प किया जाएगा.

इलेक्ट्रिक बसों पर रहेगा खास फोकस

पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक और स्वच्छ ईंधन वाली बसों को बढ़ावा दिया जाएगा. फिलहाल प्रदेश में 96 पीएम ई-बस और 120 इंटरसिटी बसें संचालित हैं. अगले छह महीनों में 486 पीएम ई-बस और 34 इंटरसिटी बसें जोड़ने की योजना है. वर्ष 2027 तक इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 1,100 करने का लक्ष्य रखा गया है.

इसके साथ आधुनिक चार्जिंग डिपो और सोलर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जा रहे हैं, जिससे हर साल 70 हजार टन से ज्यादा कार्बन उत्सर्जन कम करने का लक्ष्य है.

बसों में CCTV और पैनिक बटन की सुविधा

यात्री सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक बसों में 7 CCTV कैमरे, पैनिक बटन और रियल-टाइम व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम लगाए जा रहे हैं. कमांड-कंट्रोल सेंटर के जरिए बसों की लोकेशन, टाइमिंग और संचालन की 24×7 निगरानी की जाएगी. महिला और बाल सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है.

सरकार यात्री परिवहन के विस्तार के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल को भी बढ़ावा देगी. इससे निजी बस ऑपरेटरों को आधुनिक डिपो और टर्मिनलों के इस्तेमाल के साथ विज्ञापन और कार्गो जैसी नॉन-फेयर रेवेन्यू सेवाओं के अवसर मिलेंगे.

निवेश और रोजगार के नए अवसर

यात्री परिवहन के विस्तार से बस संचालन, वाहन निर्माण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीकी सेवाओं में निवेश बढ़ने की उम्मीद है. इससे युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.

समिट में शामिल होकर सुझाव देने के इच्छुक प्रतिभागी 10 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे तक ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं. इसके लिए दिए गए पंजीयन लिंक का इस्तेमाल किया जा सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *