राम मंदिर नहीं जाएंगे कीर्ति आजाद, बोले- मां सीता के साथ हुआ अन्याय, ‘क्या सिर्फ राम ही भगवान हैं?’

टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद ने अयोध्या के राम मंदिर जाने से इनकार करते हुए भगवान राम और माता सीता को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह मां सीता को अपनी मां मानते हैं और उनके साथ हुए कथित अन्याय को लेकर सवाल करना उनका अधिकार है। इस दौरान उन्होंने महंगाई, रोजगार और पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।

Knews Desk – मीडिया से बातचीत के दौरान कीर्ति आजाद ने कहा कि वह अयोध्या के राम मंदिर नहीं जाएंगे। उन्होंने सवाल किया कि देश में करोड़ों देवी-देवताओं में भगवान राम ही इकलौते भगवान हैं क्या। उन्होंने राम के सीता त्याग के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि वह उस मंदिर में क्यों जाएं, जहां भगवान राम ने अपनी पत्नी को त्याग दिया था।

कीर्ति आजाद ने कहा कि माता सीता ने अग्नि परीक्षा पास की थी, इसके बावजूद उन्हें दो छोटे बच्चों के साथ घर से निकाल दिया गया। उन्होंने सवाल किया कि इसे मर्यादा पुरुषोत्तम की मर्यादा कैसे माना जाए। उन्होंने कहा कि वह मिथिला से आते हैं और मां सीता को अपनी मां मानते हैं।

‘क्या मुझे अपनी मां के लिए नहीं लड़ना चाहिए?’

टीएमसी सांसद ने कहा कि वह कामाख्या, कालीघाट, दक्षिण काली और दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर जाते हैं। उन्होंने कहा कि वह मां काली की पूजा करते हैं और उनके पिता दुर्गा के भक्त थे। उन्होंने सवाल किया कि अगर वह राम मंदिर नहीं जाते और दूसरी देवी-देवताओं की पूजा करते हैं तो क्या इसका मतलब यह है कि वह हिंदू नहीं हैं।

कीर्ति आजाद ने यह भी कहा कि उनके लिए कृष्ण भी महत्वपूर्ण हैं और उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल ‘राम-राम’ तक सीमित हैं।

महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरा

बयान के दौरान कीर्ति आजाद ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रोजगार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से नौकरियां देने और महंगाई कम करने की मांग की। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमत 35 रुपये करने की बात कही।

उन्होंने प्रदूषण और अन्य राजनीतिक मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि वास्तविक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने हिंदू-मुस्लिम वोट, प्रदूषण और पाकिस्तान से जुड़े बयानों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।

कीर्ति आजाद ने विरोध प्रदर्शनों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्र धरना देते हैं तो उन्हें नक्सल कहा जाता है और किसान प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें खालिस्तानी बताया जाता है। उन्होंने विरोधियों पर अलग-अलग तरह के आरोप लगाए जाने की बात कही।

12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव

इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या जाने की तैयारी की खबर भी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, अखिलेश यादव परिवार के साथ राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन कर सकते हैं। इस दौरान उनके साधु-संतों और महंतों से मुलाकात करने की भी जानकारी दी गई है।

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर बीजेपी की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बीजेपी नेताओं का कहना है कि उन्हें पहले कारसेवकों पर गोली चलवाने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *