BRICS Summit 2026: विदेशी मेहमानों के लिए खास तैयारियां, होटल लीला में दिखेगा ‘अतिथि देवो भव’ का रंग

KNEWS DESK – देश की राजधानी दिल्ली BRICS सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है. दुनिया के कई प्रभावशाली देशों के प्रतिनिधि भारत पहुंच रहे हैं. ऐसे में विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए दिल्ली के बड़े होटलों में खास तैयारियां की गई हैं. होटल लीला में भी मेहमानों के लिए भारतीय संस्कृति, खान-पान और परंपराओं की खास झलक देखने को मिलेगी.

सुरक्षा से लेकर कमरे तक खास इंतजाम

होटल लीला की जनरल मैनेजर प्रीति मखीजा ने बताया कि विदेशी डेलीगेट्स की मेजबानी करना होटल के लिए गर्व की बात है. मेहमानों के लिए विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल और स्पेशल मेन्यू तैयार किए गए हैं.

डेलीगेशन की जरूरत के हिसाब से कमरों को भी तैयार किया गया है. बेड, कूलिंग और शॉवर के तापमान जैसी छोटी-छोटी जरूरतों का भी ध्यान रखा गया है. सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस और संबंधित एजेंसियां संभाल रही हैं.

मिलेट्स और देसी व्यंजनों से होगा स्वागत

विदेशी मेहमानों के लिए तैयार किए गए मेन्यू में बाजरा, ज्वार, रागी और दूसरे मिलेट्स को खास जगह दी गई है. सत्तू का परांठा, बाजरे की रोटी, मिलेट से बने लड्डू और रागी डोसा जैसे व्यंजन मेन्यू का हिस्सा हैं.

मेहमानों के स्वागत के लिए ‘लीला अमृत’ नाम का खास ड्रिंक तैयार किया गया है, जिसे तुलसी, शहद, अदरक और भारतीय मसालों से बनाया गया है.

हर डेलिगेशन के लिए अलग मेन्यू

होटल के एग्जीक्यूटिव सू-शेफ आस्तिक ओबेरॉय के मुताबिक, मेहमानों की डायट्री प्रिफरेंस और एलर्जी की जानकारी पहले से जुटाई गई है. हर डेलिगेशन के लिए उसकी जरूरत के हिसाब से यूनिक मेन्यू तैयार किया गया है.

होटल के इंडियन रेस्टोरेंट ‘जमावर’ में भारतीय व्यंजनों को तीन हिस्सों में पेश किया जाएगा—नॉर्थ इंडिया, सेंट्रल इंडिया और साउथ इंडिया.

दाल मखनी और बिरयानी जैसे लोकप्रिय भारतीय व्यंजन भी मेहमानों को परोसे जाएंगे.

लोटस थीम में दिखेगी भारतीय संस्कृति

BRICS के साथ-साथ भारत के राष्ट्रीय फूल कमल को ध्यान में रखते हुए लोटस शेप की खास एमेनिटी और डेजर्ट तैयार किए गए हैं. डेजर्ट में इलायची, गुलाब और केसर जैसे देसी फ्लेवर शामिल किए गए हैं. इसके अलावा केसर-पिस्ता कुल्फी को रबड़ी और फालूदा के साथ परोसा जाएगा.

चाट से लेकर शास्त्रीय नृत्य तक खास तैयारी

विदेशी मेहमानों को दिल्ली के स्वाद से रूबरू कराने के लिए खास चाट मेन्यू भी तैयार किया गया है. वहीं भारतीय संस्कृति की झलक दिखाने के लिए क्लासिकल डांस परफॉर्मेंस, आरती, तिलक और माला पहनाकर स्वागत किया जाएगा.

14 सितंबर तक होटल की लॉबी में बांसुरी और लॉन में तबला-सितार की प्रस्तुति भी होगी. यानी BRICS मेहमानों के लिए होटल लीला में भारतीय स्वाद के साथ भारतीय संगीत और संस्कृति का भी खास अनुभव तैयार किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *