सत्य निकेतन हादसे में चौथी गिरफ्तारी, ‘Hostel Daze’ PG चलाने वाला सुधांशु गिरफ्तार

Knews Desk – दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में पांच मंजिला इमारत गिरने के मामले में पुलिस ने चौथी गिरफ्तारी की है। हादसे के मामले में ‘Hostel Daze’ नाम से PG संचालित करने वाले ऑपरेटर सुधांशु को गिरफ्तार किया गया है। उसका कारोबारी साझेदार शुभम त्यागी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी महेश ने बताया कि अगस्त 2025 में उसने पांच मंजिला इमारत सुधांशु और शुभम त्यागी को लीज पर दी थी। दोनों साझेदार वहां लड़कों के लिए ‘Hostel Daze’ नाम से PG चला रहे थे। इसके एवज में वे मकान मालिक को हर महीने 1 लाख 5 हजार रुपये किराया देते थे।

महेश से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, फरार शुभम त्यागी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे सत्य निकेतन में मरम्मत के दौरान पांच मंजिला इमारत अचानक ढह गई थी। इस हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। मामले में अब तक मकान मालिक हरिराम गुप्ता, महेश, सुधांशु समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास की असुरक्षित इमारतों को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम (MCD) ने हादसे वाली इमारत के पास मौजूद एक जर्जर और खतरनाक ढांचे को गिराने के लिए बुधवार सुबह बुलडोजर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *