knews desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में हर दिन रिश्तों के समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। 24 घंटे कैमरों की निगरानी वाले इस घर में छोटी-सी बात कब बड़ा विवाद बन जाए, कहना मुश्किल है। अब टीवी एक्ट्रेस माही विज और भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के बीच ‘भाभी’ शब्द को लेकर विवाद सामने आया है।
मामला उस वक्त का है, जब आम्रपाली दुबे चेंजिंग एरिया में साड़ी बदल रही थीं। उनके पास सिंगर काजी तौकीर भी मौजूद थे। आम्रपाली ने इशारों में काजी से वहां से थोड़ा हटने के लिए कहा, ताकि उन्हें कपड़े बदलने में असहज महसूस न हो। इसके बाद माही विज ने काजी को वहां से बाहर भेज दिया।
हालांकि, काजी के जाने के बाद माही ने मजाक करते हुए कहा, “जाता नहीं वो यहां से, कह रहा, ‘मैंने देखना है भाभी को साड़ी पहनते हुए!’”
भोजपुरी संस्कृति का दिया हवाला
माही की यह बात आम्रपाली दुबे को पसंद नहीं आई। उन्होंने समझाया कि भोजपुरी संस्कृति में ‘भाभी’ शब्द का खास सम्मान है और वहां भाभी को मां के समान माना जाता है। आम्रपाली ने कहा कि इस तरह का मजाक भोजपुरी दर्शकों को बुरा लग सकता है।
इसके जवाब में माही ने सफाई देते हुए कहा कि उनका मकसद भोजपुरी इंडस्ट्री या संस्कृति का अपमान करना नहीं था। उन्होंने कहा कि वह सिर्फ काजी के साथ मजाक कर रही थीं और वह भी जानती हैं कि भाभी मां समान होती हैं।
बात बढ़ती देख दोनों ने कैमरे के सामने भी सफाई देने की कोशिश की। माही ने कहा कि उन्होंने ‘भाभी’ शब्द भोजपुरी संस्कृति के संदर्भ में नहीं कहा था और वह सिर्फ मस्ती कर रही थीं। वहीं आम्रपाली ने भी कहा कि उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था और उन्होंने अपने फैंस से माफी मांगी।
हालांकि, मामला पूरी तरह खत्म होता नजर नहीं आया। बाद में गार्डन एरिया में लव गिल से बातचीत के दौरान आम्रपाली ने माही के कमेंट पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
आम्रपाली ने माही के टीवी करियर पर कसा तंज
लव गिल से बातचीत में आम्रपाली ने माही के ‘भाभी’ वाले कमेंट का जवाब देते हुए कहा, “मुझे माही बोल रही है भाभी-भाभी… मैं बोलूं आप टीवी पर मां का रोल प्ले करती हो?”
जब लव गिल ने पूछा कि क्या माही टीवी सीरियल्स में मां का किरदार निभाती हैं, तो आम्रपाली ने कहा कि उन्हें इस बारे में पता नहीं है क्योंकि वह माही के सीरियल्स नहीं देखतीं।
अब बिग बॉस के घर में माही और आम्रपाली के बीच शुरू हुआ यह विवाद आने वाले दिनों में किस दिशा में जाता है, यह देखना दिलचस्प होगा। दोनों के बीच की यह तकरार शो के आने वाले एपिसोड में और बढ़ सकती है।