‘बंटवारा 1947’ के फ्लॉप होने पर प्रीति जिंटा ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- मैं अपना 100 प्रतिशत देती हूं

Knews Desk – मशहूर एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने करीब 8 साल बाद फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से बॉलीवुड में वापसी की। फिल्म में वह सनी देओल के साथ लीड रोल में नजर आईं। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर काफी उम्मीदें थीं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। फिल्म अपने बजट की भरपाई भी नहीं कर पाई। अब प्रीति जिंटा ने फिल्म के प्रदर्शन और अपने काम को लेकर खुलकर बात की है।

प्रीति इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाइब’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी दौरान मिड डे से बातचीत में उन्होंने ‘बंटवारा 1947’ के फ्लॉप होने पर प्रतिक्रिया दी। प्रीति ने कहा कि उन्हें इस फिल्म पर गर्व है और इसमें काम करने का उनका अनुभव भी शानदार रहा।

उन्होंने कहा कि एक एक्ट्रेस के तौर पर वह हमेशा उम्मीदों को मैनेज करने की कोशिश करती हैं। प्रीति के मुताबिक, जब वह किसी फिल्म में काम करती हैं तो अपनी तरफ से पूरी मेहनत करती हैं, लेकिन फिल्म रिलीज होने के बाद उसका प्रदर्शन कैसा रहेगा, इस पर उनका नियंत्रण नहीं होता।

प्रीति ने कहा, “जब मैं काम करती हूं, तो अपना 100 प्रतिशत देती हूं। मैंने पहले भी कहा है कि मैं कर्म में विश्वास रखती हूं। आप अपना कर्म करिए और बाकी भगवान पर छोड़ दीजिए। क्या होगा, उस पर आपका कंट्रोल नहीं होता।”

उन्होंने आगे कहा कि वह हर फिल्म में अपनी तरफ से पूरी मेहनत करती हैं। प्रीति ने बताया कि वह अपना 1000 प्रतिशत देने की कोशिश करती हैं और इसके बाद फिल्म के नतीजे भगवान पर छोड़ देती हैं।

बजट से काफी पीछे रहा कलेक्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘बंटवारा 1947’ का बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया गया था, जबकि फिल्म ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर लगभग 54.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इस तरह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी लागत निकालने में भी सफल नहीं रही।

फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा के अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अभिमन्यु सिंह और अली फजल भी अहम भूमिकाओं में नजर आए।

‘बंटवारा 1947’ के बाद अब प्रीति जिंटा की अगली फिल्म ‘वाइब’ है। यह एक्शन-कॉमेडी फिल्म 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन कुणाल खेमू ने किया है और वह इसमें लीड रोल में भी नजर आएंगे। फिल्म में स्पर्श श्रीवास्तव, यशपाल शर्मा और दिनेश लाल यादव समेत कई कलाकार दिखाई देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *