Knews Desk – दिल्ली के किलोकारी गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शोर-शराबे का विरोध करने पर 54 वर्षीय रिटायर्ड मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात विक्रम सिंह अपने घर पर थे। इसी दौरान उनके घर के बाहर कुछ डिलीवरी बॉय और ढाबे के कर्मचारी कथित तौर पर शोर-शराबा और हुड़दंग कर रहे थे। विक्रम सिंह ने इसका विरोध किया और उन्हें हल्ला कम करने के लिए कहा। बताया जा रहा है कि शोर बंद करने को लेकर कहने के बाद विवाद बढ़ गया। विक्रम सिंह नीचे आए तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उन पर लात-घूंसों से हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। गंभीर रूप से घायल विक्रम सिंह को उनके बेटे याइफाबा ने होली फैमिली अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रविवार को सनलाइट कॉलोनी थाने में PCR कॉल मिली थी। कॉल में किलोकारी गांव निवासी 54 वर्षीय सी. विक्रम सिंह के साथ मारपीट की जानकारी दी गई थी। शुरुआती जांच में सामने आया कि मृतक रिटायर्ड म्यूजिशियन थे और घर के बाहर हो रहे शोर का विरोध करने के बाद उन पर हमला किया गया।
मृतक के एक रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों ने विक्रम सिंह पर बेहद बेरहमी से हमला किया। उन्होंने बताया कि मारपीट के बाद विक्रम की हालत इतनी गंभीर थी कि वह ठीक से हिल-डुल भी नहीं पा रहे थे। विक्रम सिंह की मौत के बाद दिल्ली में रह रहे मणिपुर के लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला। हत्या के विरोध में लोगों ने कैंडललाइट मार्च निकालकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस ने हत्या की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर मामले की आगे जांच की जा रही है।