वडोदरा में PM मोदी के कार्यक्रम का जबरदस्त क्रेज, BookMyShow पर रजिस्ट्रेशन खुलते ही सीटें फुल

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रमों को लेकर लोगों में अक्सर खासा उत्साह देखने को मिलता है. अब गुजरात के वडोदरा में होने वाले पीएम मोदी के कार्यक्रम में लोगों की एंट्री को डिजिटल बनाने की पहल की गई है. मंगलवार को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए पहली बार BookMyShow के जरिए मुफ्त डिजिटल रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई. रजिस्ट्रेशन खुलने के महज एक घंटे के भीतर ही कार्यक्रम की सभी सीटें बुक हो गईं.

वडोदरा नगर निगम (VMC) ने लोगों के रजिस्ट्रेशन के लिए इस निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया. रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया और कुछ ही समय में सभी सीटें भर गईं. रजिस्ट्रेशन बंद होने के बाद भी 42 हजार से ज्यादा लोग वेटिंग लिस्ट में बताए जा रहे हैं. इससे पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोगों के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है.

कार्यक्रम में रजिस्टर्ड लोगों को उनके BookMyShow अकाउंट पर डिजिटल M-Ticket उपलब्ध कराया जाएगा. टिकट में लाइव QR कोड होगा, जिसे स्कैन करने के बाद कार्यक्रम स्थल में प्रवेश दिया जाएगा. रजिस्ट्रेशन, वेरिफिकेशन, एंट्री और सीटिंग की पूरी प्रक्रिया डिजिटल रखी गई है. इसका उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया को तेज करने के साथ-साथ बड़ी भीड़ को व्यवस्थित तरीके से संभालना है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को वडोदरा पहुंचेंगे. यहां वह कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे. इसके बाद वह एक सभा को भी संबोधित करेंगे.

पीएम मोदी जिन प्रमुख परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, उनमें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन अहम खंड शामिल हैं. इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (JNPA) खंड शामिल हैं.

इन खंडों के शुरू होने से JNPA तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. इससे आयात-निर्यात से जुड़े माल की आवाजाही तेज होने, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होने तथा माल ढुलाई की लागत कम होने की उम्मीद है. साथ ही मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी.

इन खंडों के परिचालन में आने के बाद देश के समर्पित माल ढुलाई गलियारे (DFC) का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *