पार्किंग नहीं मिली तो छत बना दी गैराज! क्रेन से दो मंजिल ऊपर पहुंचाई Scorpio, वजह जानकर हंस पड़ेंगे

Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज में एक शख्स ने अपनी नई Scorpio को सुरक्षित रखने के लिए ऐसा इंतजाम किया, जिसे देखकर लोग हैरान हैं. कार को क्रेन की मदद से सीधे दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचा दिया गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Knews Desk- बिहार के गोपालगंज से सामने आया एक वीडियो इन दिनों लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में एक Mahindra Scorpio Classic को क्रेन की मदद से दो मंजिला मकान की छत पर पहुंचाते हुए देखा जा सकता है. आमतौर पर कार को सड़क, गैराज या पार्किंग में खड़ा किया जाता है, लेकिन यहां मालिक ने गाड़ी को चोरी से बचाने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि देखने वाले भी दंग रह गए.

मामला मांझा थाना क्षेत्र के मीरा टोला गांव का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक, यहां रहने वाले मनोज यादव इजरायल में नौकरी करते हैं. उन्होंने हाल ही में नई Scorpio Classic खरीदी थी. विदेश जाने के बाद गाड़ी की देखभाल और उसे चलाने के लिए एक ड्राइवर रखा गया था.

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद ड्राइवर भी काम के सिलसिले में विदेश चला गया. ऐसे में घर पर खड़ी नई SUV की सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता बढ़ गई. गाड़ी लंबे समय तक बाहर खड़ी रहने पर चोरी का डर भी था.

इसी परेशानी का परिवार ने ऐसा समाधान निकाला, जिसकी शायद ही किसी ने कल्पना की हो. कार को सड़क पर पार्क करने के बजाय उसे क्रेन के जरिए घर की दूसरी मंजिल की छत पर ही पहुंचा दिया गया.

हवा में लटकी दिखी लाखों की SUV

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बड़ी क्रेन Scorpio को उठाकर धीरे-धीरे मकान की छत की तरफ ले जा रही है. काफी सावधानी से गाड़ी को ऊपर पहुंचाया जाता है और फिर छत पर उतार दिया जाता है.

इस पूरे नजारे को देखकर आसपास मौजूद लोग भी हैरान नजर आए. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे ‘देसी जुगाड़’ बता रहे हैं.

सुरक्षा के साथ छत की मजबूती पर भी सवाल

जहां एक तरफ लोगों को गाड़ी को छत पर पहुंचाने का तरीका अनोखा लग रहा है, वहीं दूसरी ओर कई लोग मकान की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं. इतनी भारी SUV को दो मंजिला मकान की छत पर खड़ा करने से छत और भवन की भार क्षमता पर असर पड़ सकता है.

हालांकि, इस मामले में मकान की संरचनात्मक मजबूती या छत की लोड क्षमता को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

फिलहाल Scorpio को क्रेन से छत पर पहुंचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इस अनोखे ‘पार्किंग जुगाड़’ पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *