मुन्ना भैया-गुड्डू पंडित का बॉक्स ऑफिस पर धमाका, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग शानदार

KNews Desk: गुड्डू पंडित, मुन्ना भैया और कालीन भैया की कहानी अब ओटीटी के बाद बड़े पर्दे पर पहुंच चुकी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है और फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त एक्साइटमेंट देखने को मिल रही है। रिलीज से पहले सामने आए फाइनल एडवांस बुकिंग के आंकड़े भी फिल्म के लिए अच्छी शुरुआत के संकेत दे रहे हैं। माना जा रहा है कि पंक्चर डबल डिजिट में ओपनिंग कर सकती है।

एडवांस बुकिंग में कितनी कमाई?

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने फाइनल एडवांस बुकिंग में ब्लॉक सीट्स को छोड़कर 9.19 करोड़ रुपये की कमाई की है। वहीं, ब्लॉक सीट्स को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 12.15 करोड़ रुपये हो जाता है।

फिल्म के लिए पहले दिन अब तक 3 लाख 28 हजार 127 टिकट बिक चुके हैं। वहीं, फिल्म के लिए कुल शोज की संख्या 11 हजार से ज्यादा रही। इन आंकड़ों को देखते हुए फिल्म के पहले दिन डबल डिजिट में पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

हालांकि, कई बड़ी फिल्मों की तुलना में एडवांस बुकिंग का यह आंकड़ा बहुत बड़ा नहीं है, लेकिन थिएटर रिलीज के बाद वर्ड ऑफ माउथ फिल्म की कमाई को तेजी से बढ़ा सकता है। अगर दर्शकों को गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की यह कहानी पसंद आती है, तो आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।

दिल्ली-NCR से सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग

शहरों की बात करें तो ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को दिल्ली-NCR में सबसे अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। यहां फिल्म ने 2.27 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग की है और ऑक्यूपेंसी करीब 16 फीसदी रही।

इसके अलावा मुंबई से फिल्म ने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। पुणे से 46.77 लाख रुपये, बेंगलुरु से 29 लाख रुपये, हैदराबाद से 29 लाख रुपये, कोलकाता से 30 लाख रुपये और अहमदाबाद से करीब 40 लाख रुपये का कारोबार एडवांस बुकिंग से हुआ है।

250 करोड़ से ज्यादा है फिल्म का बजट

‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बजट 250 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत से ही तेज कमाई करना जरूरी होगा। सिर्फ ओपनिंग डे ही नहीं, बल्कि वीकेंड के बाद वीक डेज में भी फिल्म का प्रदर्शन बेहद अहम रहने वाला है।

‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। अब फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि क्या यह बड़े पर्दे पर भी उसी तरह का असर पैदा कर पाएगी। फिल्म में कई नए चेहरे भी नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ पुराने किरदारों की वापसी ने फैन्स की उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की यह सिनेमाई जंग बॉक्स ऑफिस पर कितना बड़ा धमाका करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *