वाराणसी में बाढ़ से बिगड़े हालात, PM मोदी ने मेयर-DM से की बात, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

KNews Desk: उत्तर प्रदेश में लगातार बारिश के चलते बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। प्रदेश के करीब 32 जिले इस समय बाढ़ से प्रभावित बताए जा रहे हैं। वाराणसी में भी गंगा और वरुणा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण कई इलाकों में स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के हालात का जायजा लिया। उन्होंने वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से बातचीत की।

PM मोदी ने दिए राहत तेज करने के निर्देश

प्रधानमंत्री ने जिलाधिकारी से फोन पर बातचीत के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों में युद्धस्तर पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।

पीएम मोदी ने राहत सामग्री की जरूरत वाले क्षेत्रों में तत्काल अतिरिक्त व्यवस्था करने और सामग्री पहुंचाने को कहा। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान

प्रधानमंत्री ने राहत शिविरों में रह रहे लोगों की विशेष जरूरतों का ध्यान रखने को कहा। खास तौर पर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द राहत पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।

गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के पार

वाराणसी में गंगा नदी का जलस्तर बुधवार को चेतावनी स्तर को पार कर गया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने नदी में सभी तरह की नावों के संचालन पर रोक लगा दी और बाढ़ प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी। प्रशासन की ओर से लोगों और श्रद्धालुओं से घाटों तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है।

13 राहत शिविरों में 935 लोग

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए वाराणसी में 13 बाढ़ राहत शिविर बनाए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक बुधवार तक इन शिविरों में प्रभावित 219 परिवारों के 935 लोग रह रहे थे। गंगा और वरुणा के बढ़ते जलस्तर के साथ जलभराव वाले इलाकों पर भी प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।

यूपी के 32 जिलों में बाढ़ का संकट

राज्य सरकार के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी मानसून के सक्रिय होने के बाद प्रदेश के करीब 32 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। वाराणसी और अयोध्या के अलावा आजमगढ़, बलिया, बाराबंकी, चंदौली, चित्रकूट, फर्रुखाबाद, गोरखपुर, बदायूं, गाजीपुर, हापुड़, हरदोई, कासगंज, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, सीतापुर और उन्नाव में भी हालात खराब बताए गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जर्जर इमारतों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की अपील की है। बच्चों और बुजुर्गों को खराब मौसम में घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *