संगठित अपराध से लेकर न्यायिक सुधार तक, ब्राजील दौरे पर CJI सूर्यकांत की अहम बैठकें

KNEWS DESK- भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत के नेतृत्व में उच्चस्तरीय न्यायिक प्रतिनिधिमंडल ब्राजील के दौरे पर है। 11 से 13 नवंबर 2026 तक होने वाली इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के न्यायिक संस्थानों के बीच सहयोग मजबूत करना और न्याय व्यवस्था से जुड़े अनुभव साझा करना है।

दौरे के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ब्राजील की शीर्ष अदालतों के अध्यक्षों और वरिष्ठ न्यायाधीशों के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेगा। इन चर्चाओं में न्यायिक प्रणाली के आधुनिकीकरण, न्यायिक प्रक्रियाओं में सुधार और अंतरराष्ट्रीय व संगठित अपराध से निपटने के प्रभावी तरीकों पर विशेष जोर रहेगा। 11 नवंबर को CJI सूर्यकांत ब्राजील के संघीय सर्वोच्च न्यायालय के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एडसन फाचिन से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुपीरियर लेबर कोर्ट के अध्यक्ष न्यायमूर्ति लुइज फिलिप विएरा डी मेलो फिल्हो के साथ बैठक होगी, जिसमें श्रम कानून और त्वरित न्याय से जुड़े अनुभवों पर चर्चा होगी।

12 नवंबर को भारतीय प्रतिनिधिमंडल उच्च राष्ट्रीय न्यायालय के अध्यक्ष न्यायमूर्ति लुइस फेलिप सलोमाओ से मुलाकात करेगा। दोनों देशों की न्यायिक प्रक्रियाओं और कानूनी चुनौतियों पर चर्चा के बाद प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोजन का आयोजन होगा। दौरे के अंतिम दिन संगठित अपराध के मामलों के विशेषज्ञ ब्राजीलियाई न्यायाधीशों के साथ विशेष संवाद होगा। इसके बाद रियो डी जेनेरियो राज्य के न्यायालय के अध्यक्ष और अपील न्यायालय के न्यायाधीश रिकार्डो कौटो डी कास्त्रो के साथ बैठक होगी। इस तीन दिवसीय दौरे का मुख्य उद्देश्य न्यायिक सहयोग बढ़ाना और दोनों देशों की न्याय व्यवस्था की बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *