हल्द्वानी ‘शुद्धिकरण’ मामले में 24 दिन बाद भी FIR नहीं, खरगे ने नड्डा को लिखी चिट्ठी

KNews Desk: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद रामलीला मैदान में कराए गए कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर सियासी विवाद एक बार फिर गरमा गया है। इस मामले में खरगे ने राज्यसभा में सदन के नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखकर कार्रवाई में देरी पर चिंता जताई है। खरगे ने अपने पत्र में कहा कि घटना को 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक संबंधित व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट यानी FIR दर्ज नहीं की गई है।

नड्डा के आश्वासन की दिलाई याद

खरगे ने पत्र में राज्यसभा में जेपी नड्डा की ओर से दिए गए आश्वासन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने सदन में इस मुद्दे को उठाया था, तब नड्डा ने घटना की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया था। खरगे के मुताबिक, नड्डा ने सदन में इस घटना को दुखद बताया था और कहा था कि बीजेपी इस तरह की गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया था कि मामले की तहकीकात कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

‘24 दिन बाद भी FIR नहीं’

खरगे ने कहा कि उन्हें इस बात पर हैरानी है कि घटना के 24 दिन बीतने के बाद भी कथित शुद्धिकरण में शामिल लोगों और संगठनों के खिलाफ FIR तक दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने नड्डा से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने पत्र में कहा कि यह मामला केवल उनके या कांग्रेस अध्यक्ष पद से जुड़ा व्यक्तिगत मुद्दा नहीं है, बल्कि व्यापक तौर पर करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री को निर्देश देने की मांग

खरगे ने जेपी नड्डा से आग्रह किया कि वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री को आवश्यक निर्देश दें, ताकि हल्द्वानी के रामलीला मैदान में उनकी जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण’ में शामिल व्यक्तियों और संगठनों के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में दिए गए आश्वासन के अनुरूप इस मामले में जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। अब खरगे की चिट्ठी के बाद एक बार फिर इस पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिक गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *