2 घंटे की तेज बारिश से लखनऊ बेहाल, सड़कों पर भरा पानी; घरों में घुसा नाला, सड़क धंसी

लखनऊ में मंगलवार को हुई करीब दो घंटे की जोरदार बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. गोमतीनगर, इंदिरानगर, भूतनाथ और फैजुल्लागंज समेत कई इलाकों में जलभराव हो गया. कई जगह घुटनों तक पानी भरने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

Knews Desk- लखनऊ में मंगलवार को हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्से पानी-पानी हो गए. करीब दो घंटे की तेज बारिश के चलते सड़कें जलमग्न हो गईं और निचले इलाकों में पानी घरों के अंदर तक पहुंच गया. जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और जगह-जगह लंबा जाम लग गया.

फैजुल्लागंज के अजीज नगर इलाके में तेज बारिश के बाद बरसाती नाला ओवरफ्लो हो गया. नाले का गंदा पानी आसपास बने कई घरों में घुस गया. स्थानीय लोगों ने जल निकासी की खराब व्यवस्था को लेकर नगर निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया. लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में हर साल उन्हें इसी तरह की परेशानी झेलनी पड़ती है. उन्होंने नाले की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की है.

गोमतीनगर, इंदिरानगर और भूतनाथ क्षेत्र में बारिश के बाद सड़कों पर करीब दो फीट तक पानी जमा हो गया. कई निचले इलाकों में हालात ऐसे रहे कि लोगों को घुटनों तक पानी के बीच से गुजरना पड़ा. कुछ घरों के बेडरूम तक बारिश का पानी पहुंच गया. जलभराव के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई.

शहीद पथ समेत कई प्रमुख रास्तों पर लगा लंबा जाम

तेज बारिश के दौरान राजधानी के कई हिस्सों में दिन के समय ही अंधेरा छा गया. आसमान में काले बादलों के साथ तेज बिजली कड़कने से लोग परेशान रहे. बारिश के कारण विजिबिलिटी कम होने पर वाहन चालकों को हेडलाइट और डिपर का इस्तेमाल करना पड़ा.

जलभराव और धीमी रफ्तार के चलते शहीद पथ, कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक और बुद्धेश्वर चौराहे समेत कई प्रमुख मार्गों पर भारी जाम की स्थिति बन गई.

चिनहट में रोलेक्स अपार्टमेंट के सामने सीवर मैनहोल के पास करीब 8 फीट सड़क धंस गई. सड़क धंसने से यहां हादसे का खतरा बढ़ गया है. वहीं, चिनहट समेत कई इलाकों में बारिश के बीच घंटों बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. लगातार बारिश के कारण लोगों को घर से बाहर निकलने में भी परेशानी हुई.

5 सितंबर तक बारिश को लेकर अलर्ट

मंगलवार को लखनऊ के अलग-अलग हिस्सों में अलग-अलग समय पर तेज बारिश हुई. सुबह मलिहाबाद के बाद जानकीपुरम विस्तार और हजरतगंज में बारिश हुई. इसके बाद दोपहर में गोमतीनगर, चिनहट और मोहनलालगंज में भी तेज बारिश देखने को मिली.

मौसम विभाग ने लखनऊ और आसपास के जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. 5 सितंबर तक बारिश का अलर्ट बताया गया है. प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की है.

सामान्य से ज्यादा हुई बारिश

आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर तक लखनऊ में सामान्य बारिश का औसत 523.9 मिलीमीटर है. इस साल अब तक 525.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है. यानी राजधानी में सामान्य से 1.6 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है.

बारिश के बाद सामने आए वीडियो में शहर के कई इलाकों की सड़कों पर पानी भरा नजर आ रहा है. कई जगह वाहन पानी के बीच से गुजरते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ इलाकों में लोग जलभराव से जूझते नजर आए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *