Knews Desk: सितंबर महीने की शुरुआत के साथ देश में रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं। 1 सितंबर 2026 से कुछ चीजें महंगी हुई हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ सकता है। कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत बढ़ने के साथ मुंबई में CNG और PNG के दाम भी बढ़ गए हैं। इसके अलावा कारों की कीमतों में इजाफा और मुंबई में ऑटो-टैक्सी किराये की बढ़ोतरी भी लागू हो गई है। वहीं, दूध की कीमत में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है। हालांकि, विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास से जुड़े एक बदलाव से राहत मिलेगी।
हर महीने की पहली तारीख को सरकारी तेल कंपनियां LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। इस बार 1 सितंबर से 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2747.50 रुपये में मिलेगा। इससे पहले 1 अगस्त को कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 200 रुपये से ज्यादा की कटौती की थी। हालांकि, इस बार कीमतों में फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मुंबई और आसपास के इलाकों में CNG और PNG इस्तेमाल करने वालों को भी अब ज्यादा भुगतान करना होगा। महानगर गैस लिमिटेड यानी MGL ने 1 सितंबर से CNG की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। इसके बाद मुंबई में CNG का नया रेट 88 रुपये प्रति किलो हो गया है। घरेलू PNG की कीमत में भी 1 रुपये प्रति SCM की बढ़ोतरी की गई है। बढ़ती CNG कीमतों का असर सार्वजनिक परिवहन और निजी वाहन इस्तेमाल करने वालों पर भी पड़ सकता है।LPG ग्राहकों के लिए e-KYC से जुड़ा नियम भी महत्वपूर्ण है। सरकारी तेल कंपनियों ने LPG e-KYC कराने की अंतिम तारीख 31 अगस्त 2026 तय की थी। IOCL, BPCL और HPCL ने पहले तय समयसीमा को बढ़ाकर 31 अगस्त किया था। ऐसे में जिन ग्राहकों ने तय समय तक e-KYC नहीं कराया है, उन्हें LPG सिलेंडर लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
कार खरीदने वालों के लिए भी सितंबर की शुरुआत अच्छी खबर लेकर नहीं आई है। Tata Motors की पैसेंजर व्हीकल यूनिट ने अपनी कारों और SUV की कीमतों में 25,000 रुपये तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। Hyundai Motor India ने भी अपनी कारों की कीमत बढ़ाने की बात कही है। कंपनियों के मुताबिक, लागत में बढ़ोतरी के कारण कीमतों में यह बदलाव किया गया है।मुंबई में दूध भी महंगा हो गया है। 1 सितंबर से तबेले वाले दूध की कीमत 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है, यानी इसमें 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। कारोबारियों के अनुसार पशुओं की देखभाल, चारा और पशु आहार की बढ़ती लागत इसकी प्रमुख वजह है।
वहीं, विदेश यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरा बदलाव हुआ है। 1 सितंबर से भारत से विदेश जाने वाले यात्रियों को इमिग्रेशन काउंटर पर बोर्डिंग पास पर स्टैंप लगवाने की जरूरत नहीं होगी। यात्री इलेक्ट्रॉनिक बोर्डिंग पास या उसकी प्रिंटेड कॉपी दिखाकर इमिग्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।मुंबई में ऑटो-टैक्सी का सफर भी महंगा हो गया है। ऑटो का किराया 1 रुपये प्रति किलोमीटर और टैक्सी का किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर बढ़ा है। ऑटो का न्यूनतम किराया 26 से बढ़कर 27 रुपये और टैक्सी का 31 से बढ़कर 33 रुपये हो गया है। शेयरिंग ऑटो के किराये में भी बढ़ोतरी की गई है।