चलती बस में नाबालिग से गैंगरेप: ग्रेटर नोएडा की वारदात में फिरोजाबाद कनेक्शन, बस मालिक ने बताई पूरी कहानी

KNEWS DESK- ग्रेटर नोएडा से दिल्ली जा रही बस में नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप के मामले ने सनसनी फैला दी है. घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. अब इस मामले में बस के मालिक का फिरोजाबाद कनेक्शन सामने आया है. बताया जा रहा है कि जिस बस में वारदात हुई, वह फिरोजाबाद निवासी अनिल जादौन के नाम पर पंजीकृत है.

परी चौक से बस में सवार हुई थी नाबालिग

जानकारी के मुताबिक, नाबालिग लड़की ग्रेटर नोएडा के परी चौक इलाके से बस में सवार हुई थी. उसे दिल्ली के कश्मीरी गेट जाना था. आरोप है कि सफर के दौरान बस के अंदर उसके साथ गैंगरेप किया गया. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर ड्राइवर और कंडक्टर समेत अन्य लोगों से पूछताछ शुरू की. मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ बस का वीडियो

घटना के बाद संबंधित बस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. जांच के दौरान बस का संबंध फिरोजाबाद निवासी अनिल जादौन से बताया गया. बस का नंबर UP83AT3789 बताया जा रहा है. बस मालिक के मुताबिक, उन्होंने पुलिस को जरूरी दस्तावेज और ड्राइवर-कंडक्टर से संबंधित जानकारी उपलब्ध करा दी है. उन्होंने कहा कि जांच में वह पुलिस का पूरा सहयोग कर रहे हैं.

बस मालिक ने क्या बताया?

अनिल जादौन ने बताया कि बस उनके नाम पर पंजीकृत है और 27 जुलाई को परी चौक क्षेत्र में काम के सिलसिले में गई थी. उनके अनुसार, इसके बाद बस करीब एक सप्ताह तक वहां खड़ी रही. 4 अगस्त की शाम बस वहां से रवाना हुई थी. मालिक का कहना है कि बस के रास्ते में रुकने और किसी लड़की के बस में बैठने तथा बाद में उतरने की जानकारी उन्हें अगले दिन पुलिस के जरिए मिली. इसके बाद वह कश्मीरी गेट थाने पहुंचे और पुलिस को ड्राइवर और कंडक्टर से जुड़ी पूरी जानकारी दी.

ड्राइवर-कंडक्टर का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया था

बस मालिक ने यह भी बताया कि ड्राइवर और कंडक्टर का पहले से पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था. हालांकि, घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने दोनों से संबंधित आवश्यक जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराई. उन्होंने बताया कि बस को काम के लिए हिमगिरी, तिमारपुर भेजा गया था. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय बस में कौन-कौन मौजूद था और वारदात में किसकी क्या भूमिका रही.

‘दोषियों को सजा मिलनी चाहिए’

बस मालिक अनिल जादौन ने कहा कि जिसने भी यह अपराध किया है, उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए. उन्होंने दोषियों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शने की मांग की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *