उत्तर कोरिया में बड़ा सैन्य फेरबदल, किम जोंग उन ने रक्षा मंत्री को हटाया

North Korea Military Reshuffle: उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सेना की शीर्ष कमान में बड़ा बदलाव किया है। रक्षा मंत्री नो क्वांग चोल को पद से हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है। यह फेरबदल अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त सैन्य अभ्यास के समाप्त होने के बाद हुआ है।

KNews Desk: उत्तर कोरिया में सेना की शीर्ष नेतृत्व में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। किम जोंग उन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद रक्षा मंत्री नो क्वांग चोल को उनके पद से हटा दिया गया। सरकारी समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक, यह बदलाव सेना के पुनर्गठन की योजना के तहत किया गया है।

नो क्वांग चोल को सिर्फ रक्षा मंत्री के पद से ही नहीं हटाया गया, बल्कि सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी में उनकी रैंक भी कम की गई है। अब उन्हें आर्मामेंट इंडस्ट्री डिपार्टमेंट में फर्स्ट डिप्टी डायरेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है।

रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी अब कोरियन पीपुल्स आर्मी के जनरल पॉलिटिकल ब्यूरो के निदेशक किम सोंग-गी को सौंपी गई है। वहीं वरिष्ठ अधिकारी पाक जोंग-चोन को सेंट्रल मिलिट्री कमीशन का वाइस चेयरमैन बनाया गया है। उन्हें पार्टी के पॉलिटिकल ब्यूरो में भी जगह मिली है।

KCNA के अनुसार, सैन्य पुनर्गठन के दौरान कई अन्य अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है और कुछ अधिकारियों को प्रमोशन दिया गया है।

डिफेंस टेक्नोलॉजी पर किम की नजर

सैन्य नेतृत्व में बदलाव के साथ उत्तर कोरिया ने अपनी रक्षा तकनीक पर भी जोर दिया है। किम जोंग उन ने वैज्ञानिकों, रिसर्चर्स और अधिकारियों से मुलाकात की और सैन्य तकनीक में प्रगति के लिए उनकी सराहना की।

हालांकि उत्तर कोरिया ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वैज्ञानिकों ने किन नए हथियारों या कॉम्बैट सिस्टम को विकसित किया है। इससे पहले किम जोंग उन लंबी दूरी के मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर और आर्टिलरी सिस्टम के परीक्षणों का निरीक्षण कर चुके हैं।

अमेरिका-दक्षिण कोरिया एक्सरसाइज के बाद बदलाव

उत्तर कोरिया की सैन्य लीडरशिप में यह फेरबदल अमेरिका और दक्षिण कोरिया के वार्षिक संयुक्त सैन्य अभ्यास के समाप्त होने के तुरंत बाद हुआ है। प्योंगयांग लंबे समय से इन अभ्यासों का विरोध करता रहा है और इन्हें अपने खिलाफ संभावित सैन्य कार्रवाई की तैयारी बताता है।

वहीं, अमेरिका और दक्षिण कोरिया की ओर से इन अभ्यासों को क्षेत्रीय सुरक्षा और सैन्य तैयारी के लिए जरूरी बताया जाता है। ऐसे में उत्तर कोरिया में हुए इस बड़े सैन्य बदलाव को क्षेत्र की बदलती सुरक्षा परिस्थितियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

क्या बदलेगी उत्तर कोरिया की रणनीति?

रक्षा मंत्री को हटाने और सेना के शीर्ष पदों में बदलाव के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि क्या किम जोंग उन उत्तर कोरिया की सैन्य रणनीति में कोई बड़ा बदलाव करने की तैयारी में हैं। फिलहाल प्योंगयांग की ओर से इस फेरबदल के पीछे की विस्तृत वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *