टाइपकास्टिंग से बचने के लिए तापसी पन्नू ने ठुकराईं कई फिल्में, बोलीं- ‘मुझे कास्ट मत करिए’

KNews Desk – तापसी पन्नू इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘गांधारी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं. फिल्म में वह एक ऐसे किरदार में नजर आएंगी, जो अपने बच्चे की सुरक्षा और परवरिश के लिए हर मुश्किल से लड़ने को तैयार है. इसी बीच एक्ट्रेस ने एक इंटरव्यू में अपने फिल्म सिलेक्शन और उन वजहों के बारे में खुलकर बात की, जिनके चलते उन्होंने कई फिल्मों को ना कहना शुरू किया.

‘इन फिल्मों में मुझे कास्ट मत करिए…’

तापसी ने बताया कि फिल्म इंडस्ट्री में कई लोग एक तरह के कंफर्ट जोन में चले जाते हैं और बार-बार उन्हीं पुराने तरीकों को अपनाते हैं. उनके मुताबिक, इंटेंस और ग्लैमरस किरदारों के लिए कुछ तय एक्ट्रेसेस को ही चुना जाता है, जबकि हार्ड-हिटिंग और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्मों के लिए भी कुछ खास नामों पर ही भरोसा किया जाता है.

एक्ट्रेस ने कहा कि इसी वजह से उन्होंने कुछ फिल्मों को मना करना शुरू कर दिया. उनका मानना था कि अगर किसी फिल्म की कहानी और उसका अंत पहले से ही दर्शक आसानी से समझ सकता है, तो उसमें काम करने का कोई खास मतलब नहीं है.

तापसी ने मेकर्स से यहां तक कहा कि “इन फिल्मों की एंडिंग को तो कोई भी गेस कर सकता है, इसलिए मुझे ऐसी फिल्मों में कास्ट मत करिए. ये आपकी फिल्मों के लिए बुरा होगा.”

अलग तरह के किरदारों ने बनाई पहचान

तापसी के मुताबिक, उनके करियर की शुरुआत में उनके पास मेनस्ट्रीम सिनेमा के पारंपरिक और घिसे-पिटे रोल्स के ज्यादा विकल्प नहीं थे. इसी वजह से उन्होंने अलग तरह के किरदारों को चुनना शुरू किया.

धीरे-धीरे यही किरदार उनके करियर की पहचान बन गए और बाद में ऐसे विषय मेनस्ट्रीम सिनेमा का हिस्सा भी बनने लगे. तापसी ने ‘पिंक’, ‘मुल्क’, ‘थप्पड़’, ‘नाम शबाना’ और ‘बेबी’ जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का दम दिखाया है.

कैसी है तापसी की ‘गांधारी’?

तापसी की अगली फिल्म ‘गांधारी’ का निर्देशन देवाशीष मखीजा कर रहे हैं, जबकि कनिका ढिल्लों इसकी प्रोड्यूसर हैं.

फिल्म में तापसी एक दृष्टिहीन मां के किरदार में नजर आएंगी, जो मुश्किल परिस्थितियों में अपने बच्चों की परवरिश करती है. कहानी उस वक्त और ज्यादा दिलचस्प हो जाती है, जब उसके बच्चे को उससे छीन लिया जाता है.

इसके बाद एक मां अपने बच्चे को वापस पाने के लिए किस हद तक जा सकती है, फिल्म इसी संघर्ष को दिखाने की कोशिश करती है.

‘गांधारी’ 3 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. अब देखना होगा कि तापसी का यह दमदार और चुनौतीपूर्ण किरदार दर्शकों को कितना पसंद आता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *