KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन अपनी फिल्मों के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। हाल ही में रक्षाबंधन के मौके पर एक कमर्शियल ऐड में नजर आईं कृति अपने आउटफिट को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गईं। कुछ यूजर्स ने उनके कपड़ों को भारतीय संस्कृति और परंपरा से जोड़ते हुए सवाल उठाए। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है।
दरअसल, ऐड शूट के दौरान कृति सेनन ने आइवरी कलर का लहंगा और डीप-नेक ब्लाउज पहना था। उनके इस लुक पर सोशल मीडिया के एक वर्ग ने आपत्ति जताई। इस विवाद में एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी बिना नाम लिए टिप्पणी की थी।
कृति ने ट्रोलर्स को दिया जवाब
कपड़ों को लेकर उठे विवाद पर कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर किया। उन्होंने लिखा कि त्योहारों का असली मतलब उन कपड़ों में नहीं होता, जो कोई पहनता है, बल्कि उन भावनाओं और मायने में होता है, जो व्यक्ति अपनी परंपराओं के लिए दिल में रखता है।

कृति ने रक्षाबंधन का जिक्र करते हुए बताया कि वह और उनकी बहन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं। दोनों एक-दूसरे की अच्छी सेहत, खुशियों और लंबी उम्र की कामना करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पालतू कुत्ते भी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनके लिए वही प्यार और दुआ उनके लिए भी है।
‘महिलाओं को क्या पहनना चाहिए, ये बताना कब बंद करेंगे?’
कृति ने महिलाओं के पहनावे को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि समय के साथ एथनिक फैशन में काफी बदलाव आया है, लेकिन आज भी महिलाओं के अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान को उनके कपड़ों से मापा जाता है।
एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि संस्कृति और परंपराएं दिल में होती हैं, किसी की नेकलाइन में नहीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन जैसे त्योहार प्यार, अपनापन और भरोसे के बारे में हैं, न कि किसी महिला के कपड़ों की नेकलाइन कितनी है, इसके बारे में।
इस विवाद पर कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना लिखा था कि आज महिलाओं के पास पहनने के लिए कई तरह के विकल्प हैं, ऐसे में त्योहार के मौके पर कपड़ों को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए।
कंगना ने विज्ञापन की स्टाइलिंग पर सवाल उठाते हुए इसे जानबूझकर अजीब तरीके से बनाया गया विज्ञापन बताया था। अब कृति सेनन के जवाब के बाद रक्षाबंधन के इस विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर बहस एक बार फिर तेज हो गई है।