उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में लापरवाही के मामले में निर्वाचन आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने छह अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और पांच मतदानकर्मियों सहित 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश में विधान परिषद के आगरा मंडल शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव के दौरान निगरानी में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद भारत निर्वाचन आयोग ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यह मामला मतदान केंद्र संख्या 21 और 26 से जुड़ा है, जहां मतदान व्यवस्था की प्रभावी निगरानी और नियंत्रण सुनिश्चित नहीं किया गया।
आयोग ने 26 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा है। आयोग के मुताबिक, पर्यवेक्षण में लापरवाही को गंभीर कर्तव्यहीनता मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मतदान केंद्र संख्या 21, क्षेत्र पंचायत कार्यालय सैंया में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं जिला खादी एवं ग्रामोद्योग अधिकारी ओ.पी. चक, क्राइम ब्रांच के सेक्टर पुलिस अधिकारी निरीक्षक हरिशरण सिंह और एत्माद्दौला थाने के उपनिरीक्षक संदीप कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, मतदान केंद्र संख्या 26, क्षेत्र पंचायत कार्यालय फतेहाबाद में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं क्षेत्रीय वन अधिकारी विशाल राठौर, अतिरिक्त निरीक्षक पुरुषोत्तम पाल और एकता थाने के उपनिरीक्षक सुमित त्यागी के खिलाफ भी निलंबन की कार्रवाई करने को कहा गया है।
आयोग ने संबंधित अधिकारियों के आरोपपत्र जारी करने के बाद 10 दिनों के भीतर मसौदा आरोपपत्र अनुमोदन के लिए भेजने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, दोनों मतदान केंद्रों पर तैनात पांच अन्य मतदान अधिकारियों और 16 पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी मंडलायुक्त आगरा की 25 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के आधार पर अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है। आयोग ने कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट तत्काल भेजने का निर्देश भी दिया है।