KNEWS DESK- सोमवार को हुई तेज बारिश ने गुरुग्राम की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। नए गुरुग्राम से लेकर पुराने शहर की कॉलोनियों तक कई इलाकों में भारी जलभराव देखने को मिला। कई प्रमुख सड़कों पर दो से तीन फीट तक पानी भर गया, जिसके चलते यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। कई वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे।
भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर गोल्फ कोर्स रोड, दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे, सोहना रोड, ओल्ड दिल्ली रोड और रेलवे रोड पर दिखाई दिया। इन मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राजीव चौक अंडरपास और फ्लाईओवर के आसपास भी ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही। कई जगह वाहन पानी के बीच से गुजरते नजर आए।
मंगलवार को WFH की एडवाइजरी
जलभराव और ट्रैफिक जाम को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार, 25 अगस्त के लिए वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने की सलाह दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जिले के कॉरपोरेट कार्यालयों, सरकारी और निजी स्कूलों तथा अन्य संस्थानों से कर्मचारियों और स्टाफ को घर से काम करने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा है।
जिला उपायुक्त और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि वर्क फ्रॉम होम से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होगा। इससे जलभराव वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक को नियंत्रित करने और राहत कार्यों को आगे बढ़ाने में प्रशासन को मदद मिलेगी।
जलनिकासी और सफाई का काम तेज
प्रशासन के मुताबिक, जलभराव वाले इलाकों में पानी निकालने के साथ-साथ सड़कों और नालों की सफाई का काम भी तेज किया जा रहा है। भारी बारिश के बाद जहां पानी जमा है, वहां ड्रेनेज सिस्टम को सामान्य करने के लिए संबंधित एजेंसियों को सक्रिय किया गया है। गुरुग्राम में हर साल तेज बारिश के बाद जलभराव की समस्या सामने आती रही है। साइबर सिटी के रूप में पहचान रखने वाले इस शहर में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बावजूद प्रमुख सड़कों, अंडरपास और रिहायशी इलाकों में पानी भरने से नगर निगम और जीएमडीए की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठते रहे हैं।
सोमवार की बारिश ने एक बार फिर इन दावों की परीक्षा ले ली। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने, यातायात व्यवस्था सामान्य करने और ड्रेनों की सफाई का काम पूरा करने की है। मंगलवार को WFH की एडवाइजरी से सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने और राहत कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।