साइना नेहवाल लड़ेंगी चुनाव? बोलीं- देश के विकास में योगदान देना चाहती हूं

KNEWS DESK- बैडमिंटन की दिग्गज खिलाड़ी और भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्य साइना नेहवाल ने भविष्य में चुनाव लड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में आने और देश के विकास में योगदान देने के बारे में जरूर सोच रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक चुनाव लड़ने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

साइना नेहवाल ने कहा कि वह भविष्य में ऐसा करना चाहेंगी, लेकिन फिलहाल इस बारे में अंतिम निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने कई वर्षों तक खेल के मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व किया और भारत के लिए पदक जीते, उसी तरह अब वह देश की सेवा के लिए कुछ बेहतर करना चाहती हैं। साइना 2020 में BJP में शामिल हुई थीं। पार्टी से जुड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें BJP और देश के विकास के लिए उसके काम करने का तरीका पसंद है। उन्होंने कहा कि उनका हमेशा से उद्देश्य देश के हित में काम करना रहा है और आगे भी वह इसी भावना के साथ योगदान देना चाहती हैं।

ट्रेसा-गायत्री की जीत पर साइना को गर्व

साइना नेहवाल ने हाल ही में BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में महिला डबल्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय जोड़ी ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भी तारीफ की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन को शानदार बताया और दबाव के बीच उनके आत्मविश्वास और संयम की सराहना की।

उन्होंने कहा कि भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अब अलग-अलग कैटेगरी में अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि, साइना को उम्मीद थी कि इस बार महिला सिंगल्स में भी भारत पदक जीत सकता है।

15 साल बाद महिला डबल्स में मिला मेडल

ट्रेसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन सीडेड जोड़ियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ भारत ने महिला डबल्स में 15 साल बाद वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल हासिल किया।

इससे पहले 2011 में ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की जोड़ी ने महिला डबल्स में भारत के लिए पदक जीता था। साइना ने इस उपलब्धि को भारतीय बैडमिंटन के लिए बड़ी कामयाबी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *