‘फोन-व्हाट्सएप न करें, लिस्ट फाइनल है’, उमर अब्दुल्ला का मंत्रियों के दावेदारों को दो टूक संदेश

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा और मंत्रियों के नाम नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से चर्चा के बाद तय कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्री पद के दावेदारों से फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज नहीं करने की अपील भी की है।

Knews Desk – जम्मू-कश्मीर में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में उनके मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मंत्रियों की सूची नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला से सलाह-मशविरा करने के बाद फाइनल कर ली गई है। उन्होंने पार्टी के उन सहयोगियों को भी स्पष्ट संदेश दिया है, जो मंत्री पद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर स्थित लोक भवन में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात के बाद यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया के लिए उन्होंने उपराज्यपाल से अगले सप्ताह की शुरुआत में समय तय करने का अनुरोध किया है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर उपराज्यपाल से चर्चा हुई है और अगले दो-तीन दिनों में इसके लिए समय तय करने का आग्रह किया गया है।

उमर अब्दुल्ला ने कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल में कुछ बदलाव करेंगे और उसका विस्तार भी करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंत्रियों के नाम पहले ही तय किए जा चुके हैं। फारूक अब्दुल्ला से चर्चा के बाद सूची तैयार हो चुकी है, इसलिए अब किसी को मंत्री बनने के लिए नेताओं से संपर्क करने या अपनी दावेदारी पेश करने की जरूरत नहीं है।

‘फोन और व्हाट्सएप मैसेज न करें’

मंत्री पद के दावेदारों को संदेश देते हुए उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें लगातार फोन कॉल और व्हाट्सएप मैसेज मिल रहे हैं। इन संदेशों में लोग अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि, उपलब्धियों और अनुभव के बारे में बता रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब ऐसा करने का कोई फायदा नहीं है, क्योंकि मंत्रियों के चयन का फैसला पहले ही लिया जा चुका है।

उन्होंने अपने सहयोगियों से कहा कि वे उन्हें फोन न करें, व्हाट्सएप मैसेज न भेजें और नेताओं के दरवाजे खटखटाना बंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोशिशों से फैसले पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो कुछ होना है, वह अगले दो-तीन दिनों में हो जाएगा। उन्होंने अपने सहयोगियों से धैर्य बनाए रखने की अपील भी की।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से क्यों मिले उमर अब्दुल्ला?

मुख्यमंत्री ने बताया कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात का एक उद्देश्य उनका हालचाल जानना भी था। उन्होंने कहा कि हाल ही में अस्वस्थ होने के बाद सिन्हा श्रीनगर लौटे थे। ऐसे में वह उनसे मिलकर उनकी सेहत के बारे में जानकारी लेना चाहते थे।

उमर अब्दुल्ला ने बताया कि उपराज्यपाल से कई मुद्दों पर चर्चा करनी थी और उनकी सलाह भी लेनी थी। काफी समय से दोनों की मुलाकात नहीं हुई थी, इसलिए उन्होंने समय मांगा और शनिवार को मुलाकात की।

अब जम्मू-कश्मीर में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अगले दो-तीन दिन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के बयान के बाद मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले नए चेहरों और संभावित बदलावों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, मंत्रियों के नामों की आधिकारिक घोषणा विस्तार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *