KNEWS DESK – सनी देओल, प्रीति जिंटा, शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल स्टारर ‘बंटवारा 1947’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। फिल्म की रिलीज इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से हुई थी और कमाई के मामले में ‘बंटवारा 1947’ लगातार पीछे रही। हालांकि, फिल्म को एक ऐसे सुपरस्टार की तारीफ मिली है, जिसकी बात सुनकर सनी देओल का परिवार भी खुश हो गया।
करण देओल ने एक इंटरव्यू में खुलासा किया कि सलमान खान ने ‘बंटवारा 1947’ देखी और उन्हें फिल्म काफी पसंद आई। इतना ही नहीं, सलमान ने फिल्म देखने के बाद सनी देओल को फोन भी किया था।
सलमान खान ने सनी देओल को किया फोन
फिल्मीज्ञान को दिए इंटरव्यू में करण देओल ने सलमान खान के साथ अपने परिवार के रिश्ते पर बात की। उन्होंने कहा कि सलमान उनके परिवार से बहुत प्यार करते हैं और हमेशा सपोर्ट करते हैं।
करण के मुताबिक, सलमान खान ने ‘बंटवारा 1947’ देखने के बाद उनके पिता सनी देओल को फोन किया था। उन्होंने बताया कि सलमान को फिल्म पसंद आई और उन्हें सनी देओल का काम भी काफी अच्छा लगा।
करण ने सलमान की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद शानदार और सच्चा इंसान भी बताया।
बॉक्स ऑफिस पर ‘आवारापन 2’ से पिछड़ी फिल्म
‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म का बॉक्स ऑफिस क्लैश इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से हुआ।
उम्मीद थी कि सनी देओल की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बढ़त बनाएगी, लेकिन कमाई के मामले में तस्वीर इसके उलट रही। ‘आवारापन 2’ ने शुरुआत से ही ‘बंटवारा 1947’ को पीछे छोड़ दिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, दूसरे रविवार को ‘बंटवारा 1947’ ने सिर्फ 1.30 करोड़ रुपये कमाए, जबकि ‘आवारापन 2’ ने इसी दिन 8.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
‘बंटवारा 1947’ ने 10 दिनों में दुनियाभर में करीब 52.52 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं ‘आवारापन 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 10 दिनों में करीब 192.80 करोड़ रुपये पहुंच गया है।
भले ही बॉक्स ऑफिस पर ‘बंटवारा 1947’ उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, लेकिन सलमान खान की तारीफ ने फिल्म और सनी देओल के फैंस के बीच जरूर खुशी की लहर पैदा कर दी है।