KNEWS DESK – शाहरुख खान इन दिनों अपने बंगले ‘मन्नत’ से दूर रह रहे हैं। अप्रैल 2025 से उनके बांद्रा स्थित पूजा कासा बिल्डिंग में रहने की खबर है। दरअसल, ‘मन्नत’ में बड़े स्तर पर रेनोवेशन का काम चल रहा है। अब खबर सामने आई है कि सिर्फ ‘मन्नत’ ही नहीं, बल्कि मुंबई में शाहरुख खान के एक और घर में भी रेनोवेशन किया जा रहा है।
फिल्म प्रोड्यूसर और रियल एस्टेट कारोबारी आनंद पंडित ने एक पॉडकास्ट में शाहरुख खान के दोनों घरों में चल रहे काम को लेकर जानकारी दी है। आनंद पंडित की रियल एस्टेट कंपनी ‘मन्नत’ के रेनोवेशन से जुड़ी हुई है।
‘मन्नत’ में जुड़ रहे हैं नए फ्लोर
रवि केवलरमानी के पॉडकास्ट में आनंद पंडित ने बताया कि ‘मन्नत’ के पीछे वाले हिस्से में कुछ नए फ्लोर जोड़े जा रहे हैं। पिछले काफी समय से खबरें सामने आ रही थीं कि शाहरुख के बंगले में दो नए फ्लोर बनाए जा रहे हैं। अब आनंद पंडित ने भी इस बात की पुष्टि की है।
रेनोवेशन का काम पूरा होने तक शाहरुख खान अपने परिवार के साथ बांद्रा की पूजा कासा बिल्डिंग में रह रहे हैं।
शाहरुख के पहले घर में भी हो रहा काम
आनंद पंडित ने शाहरुख खान के एक दूसरे घर के बारे में भी खुलासा किया। यह बांद्रा में मौजूद 4BHK अपार्टमेंट है, जिसे शाहरुख ने अपने करियर के शुरुआती दौर में खरीदा था।
बाद में शाहरुख ‘मन्नत’ में शिफ्ट हो गए, लेकिन उन्होंने अपना यह पुराना घर बेचा नहीं। बताया जाता है कि यह घर उनके लिए खास है। आनंद पंडित ने बताया कि जब वह इस घर में काम कर रहे थे, तभी उन्हें शाहरुख के इस घर से जुड़ाव के बारे में पता चला।
फिलहाल शाहरुख खान पूजा कासा बिल्डिंग में रह रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह बिल्डिंग प्रोड्यूसर वाशु भगनानी और उनके परिवार की है। शाहरुख ने यहां तीन साल के लिए दो लग्जरी डुप्लेक्स अपार्टमेंट किराए पर लिए हैं।
‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में शाहरुख के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी नजर आएंगी। वहीं अभिषेक बच्चन फिल्म में विलेन की भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।