रोहित शर्मा अब क्रिकेट के बाद गेमिंग में भी करेंगे धमाल, eCricket में लगाया बड़ा दांव

Knews Desk– भारतीय क्रिकेट के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अब क्रिकेट के मैदान के बाहर भी एक नई पारी शुरू कर दी है. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने गेमिंग स्टूडियो लाइटफ्यूरी गेम्स में निवेश किया है. खास बात यह है कि रोहित सिर्फ इस कंपनी के निवेशक ही नहीं बने हैं, बल्कि इसके आने वाले गेम ‘eCricket’ में एक आधिकारिक लाइसेंस प्राप्त खिलाड़ी के तौर पर भी नजर आएंगे. यानी आने वाले समय में फैंस रोहित शर्मा को क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ वर्चुअल क्रिकेट पिच पर भी खेलते हुए देख सकेंगे.

लाइटफ्यूरी गेम्स अपने नए eCricket गेम को लेकर काफी बड़ा प्लान तैयार कर रही है. कंपनी सितंबर 2026 में गेम का क्लोज्ड बीटा वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है. गेम के लिए अब तक 3 लाख से ज्यादा लोग साइन-अप कर चुके हैं. वहीं, हाल ही में जारी किए गए इसके आधिकारिक टीजर को 10 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि क्रिकेट और गेमिंग के इस कॉम्बिनेशन को लेकर फैंस में काफी उत्साह है.

रोहित शर्मा का कंपनी से जुड़ना इस प्रोजेक्ट के लिए इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि वह लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट में शीर्ष स्तर पर खेल चुके हैं. कंपनी को उम्मीद है कि रोहित के अनुभव से गेम को ज्यादा वास्तविक और प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिलेगी. रोहित ने भी लाइटफ्यूरी गेम्स के ग्लोबल स्तर का क्रिकेट गेमिंग एक्सपीरियंस तैयार करने के विजन की तारीफ की है.रोहित इस कंपनी में निवेश करने वाले पहले क्रिकेटर नहीं हैं. उनसे पहले महेंद्र सिंह धोनी, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, तिलक वर्मा और साई सुदर्शन जैसे क्रिकेटर भी लाइटफ्यूरी गेम्स से रणनीतिक निवेशक के तौर पर जुड़ चुके हैं. कंपनी ने साल 2026 में अपने ग्लोबल क्रिकेट गेमिंग फ्रेंचाइजी को आगे बढ़ाने के लिए 11 मिलियन डॉलर यानी करीब 90 करोड़ रुपये से ज्यादा का नया फंड जुटाया है.

eCricket गेम में सबसे खास फीचर ‘Ultimate Squad’ मोड होगा. इसमें दुनिया के 700 से ज्यादा असली क्रिकेटरों को शामिल किया जाएगा. गेमर्स इन खिलाड़ियों को चुनकर अपनी पसंद की ड्रीम टीम बना सकेंगे. यानी हर खिलाड़ी अपनी रणनीति के हिसाब से टीम तैयार कर सकेगा और वर्चुअल मुकाबलों में उसका इस्तेमाल कर सकेगा.गेम में क्रिकेट के रोमांच को बढ़ाने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू की कमेंट्री भी सुनने को मिलेगी. सिद्धू की खास अंदाज वाली कमेंट्री गेम के अनुभव को और मनोरंजक बना सकती है.लाइटफ्यूरी गेम्स की शुरुआत साल 2024 में करण श्रॉफ, अनुराग बनर्जी और टीना बालचंद्रन ने की थी. कंपनी में फिलहाल 120 से ज्यादा डेवलपर्स काम कर रहे हैं. कंपनी का लक्ष्य भारत से एक ऐसी ग्लोबल क्रिकेट गेमिंग फ्रेंचाइजी तैयार करना है, जिसे दुनियाभर के क्रिकेट फैंस पसंद करें. सितंबर में बीटा टेस्टिंग के बाद eCricket को इस साल के अंत तक सभी यूजर्स के लिए लॉन्च करने की तैयारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *