दिल्ली मेट्रो की एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने वाले पोस्टर मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पोस्टरों पर देश में पिछले कुछ वर्षों में हुए बदलावों को लेकर नौ दावे किए गए थे। साथ ही, QR कोड के जरिए लोगों को एक ऑनलाइन ग्रुप से जुड़ने का न्योता दिया गया था।
Knews Desk– यह मामला 20 अक्टूबर को सामने आया, जब दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के ट्रेन ऑपरेटर तरुण चौधरी ने ड्यूटी के दौरान ट्रेन की एक सीट पर चिपके दो पोस्टर देखे। वह शाम करीब 6:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से यशोभूमि स्टेशन के लिए रवाना हुए थे और ट्रेन लगभग 7:15 बजे अपने गंतव्य पर पहुंची। FIR के मुताबिक, ट्रेन के केबिन के अंदर से निरीक्षण करते समय ऑपरेटर की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी। अधिकारियों के निर्देश पर उन्होंने पोस्टर द्वारका सेक्टर-21 के स्टेशन कंट्रोलर को सौंप दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
A4 आकार के ब्लैक एंड व्हाइट पोस्टरों पर “आप अपना जीवन खुद बदल सकते हैं”, “वोटिंग के जरिए विरोध” और “क्या आप असंतुष्ट हैं? आप अकेले नहीं हैं” जैसे संदेश लिखे थे। पोस्टरों में सामुदायिक निर्माण और जुड़ाव के विभिन्न तरीकों का भी उल्लेख किया गया था। पुलिस ने पोस्टरों को जब्त कर लिया है और दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ पब्लिक प्रॉपर्टी एक्ट, 2007 तथा मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) एक्ट, 2002 के तहत FIR दर्ज की है। मामले की जांच में स्पेशल सेल भी शामिल है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मेट्रो ट्रेन के अंदर पोस्टर किसने लगाए और QR कोड के जरिए लोगों को किस ऑनलाइन ग्रुप से जोड़ने का प्रयास किया गया था। मामले में किसी आरोपी की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है।