7 महीने बाद नितिन नबीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी की वापसी; अमित मालवीय की छुट्टी

KNEWS DESK- बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने करीब सात महीने बाद अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कई पुराने चेहरों को बरकरार रखा गया है, जबकि कुछ नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की महासचिव के तौर पर पार्टी संगठन में वापसी हुई है।

नितिन नबीन की नई टीम में कुल आठ राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं। संगठन महासचिव के पद पर बीएल संतोष पहले की तरह बने रहेंगे। वहीं अनिल बलूनी को भी मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी बरकरार रखी गई है।

अमित मालवीय की छुट्टी, दीपक महस्के को जिम्मेदारी

बीजेपी संगठन में सबसे अहम बदलावों में से एक आईटी सेल को लेकर हुआ है। लंबे समय से बीजेपी के आईटी सेल की कमान संभाल रहे अमित मालवीय को नई टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह दीपक महस्के को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें राजेश अग्रवाल की जगह राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। राजेश मंगल को सह-कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तरुण चुग को मुख्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। मध्य प्रदेश बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष वीडी शर्मा को सभी इकाइयों का कोऑर्डिनेटर बनाया गया है। नई टीम में 10 महिलाओं को भी शामिल किया गया है।

कौन-कौन बना राष्ट्रीय उपाध्यक्ष?

बीजेपी की नई टीम में वसुंधरा राजे के अलावा राम माधव, तीरथ सिंह रावत, बैजयंत जय पांडा, रेखा वर्मा, डी. पुरंदेश्वरी, भारती पवार, मनप्रीत बादल, वी. नरेंद्र भाई दोषी, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं राष्ट्रीय महासचिव के पद पर सुनील बंसल, विनोद तावड़े, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।

राष्ट्रीय सचिवों की टीम में भी बदलाव

नई टीम में राष्ट्रीय सचिव के तौर पर कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश पटेल, संदीप पाठक, फेंगनोन कोनयाक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देब वर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश को शामिल किया गया है।

संगठन महासचिव के पद पर बीएल संतोष और सह-संगठन महासचिव के तौर पर सौदान सिंह तथा शिवप्रकाश अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

नड्डा की टीम के कई नेताओं की छुट्टी

नई टीम में कुछ पुराने नेताओं को जगह नहीं मिली है। जेपी नड्डा की टीम में राष्ट्रीय महासचिव रहे अरुण सिंह, दुष्यंत गौतम, तरुण चुग और राधामोहन दास अग्रवाल नई टीम से बाहर हो गए हैं। राष्ट्रीय सचिव पद पर रहे अरविंद मेनन, पंकजा मुंडे, नरेंद्र सिंह, अलका गुर्जर, ओमप्रकाश धुर्वे, रितुराज सिन्हा, कामाख्या प्रसाद ताशा और सुरेंद्र नागर को भी नई टीम में शामिल नहीं किया गया है।

इसके अलावा नड्डा की टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे सरोज पांडेय, डीके अरुणा, एम. चुबा राव और अब्दुल्ला कुट्टी भी नई टीम का हिस्सा नहीं हैं। बीजेपी की नई टीम में अनुभव और नए चेहरों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *