Knews Desk- दिल्ली में बस से सफर करने वाली महिलाओं के लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने DTC के पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की अंतिम तारीख 15 दिन बढ़ा दी है। पहले कार्ड बनवाने की आखिरी तारीख 15 अगस्त तय की गई थी, लेकिन अब महिलाएं 31 अगस्त तक पिंक सहेली कार्ड के लिए आवेदन कर सकती हैं। सरकार के मुताबिक, 1 सितंबर से मुफ्त बस यात्रा की सुविधा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अनिवार्य कर दिया जाएगा।
सरकार के इस फैसले से उन महिला यात्रियों को अतिरिक्त समय मिल गया है, जिन्होंने अभी तक कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में अब तक करीब 18 लाख पिंक सहेली कार्ड जारी किए जा चुके हैं। सरकार का उद्देश्य महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा को स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था से जोड़ना है।
पिंक सहेली कार्ड बनवाने और प्राप्त करने के लिए दिल्लीभर में 50 केंद्र बनाए गए हैं। सरकार धीरे-धीरे पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था को खत्म कर पूरी तरह स्मार्ट कार्ड सिस्टम लागू करने की तैयारी में है। इसके लिए DTC डिपो और बसों में अनाउंसमेंट के साथ सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और दूसरे माध्यमों से भी महिलाओं को कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
कैसे बनवाएं पिंक सहेली कार्ड?
पिंक सहेली कार्ड के लिए महिलाएं डिजिटल सेल्फ-ऑनबोर्डिंग पोर्टल या अधिकृत पार्टनर लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर और आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर OTP भेजा जाएगा। OTP के जरिए जानकारी का सत्यापन पूरा किया जाएगा।
वेरिफिकेशन के बाद एक QR कोड एक्नॉलेजमेंट जनरेट होगा। इसे डाउनलोड करने के साथ इसका स्क्रीनशॉट भी सुरक्षित रखा जा सकता है। इसके बाद निर्धारित DTC काउंटर पर QR कोड दिखाकर फिजिकल पिंक सहेली कार्ड प्राप्त किया जा सकेगा।
सरकार की ओर से समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद अब महिलाओं के पास कार्ड बनवाने के लिए 31 अगस्त तक का समय है। 1 सितंबर से पिंक सहेली कार्ड अनिवार्य होने के कारण महिला यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें।