KNEWS DESK – इमरान हाशमी की मच अवेटेड फिल्म ‘आवारापन 2’ आखिरकार सिनेमाघरों में पहुंच गई है। लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या शिवम पंडित का किरदार दोबारा वही असर छोड़ पाएगा, जो ‘आवारापन’ के पहले पार्ट ने दर्शकों पर छोड़ा था। अब फिल्म के शुरुआती शोज के बाद दर्शकों के रिएक्शन सामने आने लगे हैं और सोशल मीडिया पर इमरान हाशमी की जमकर तारीफ हो रही है।
पहले शो के बाद सोशल मीडिया पर छाई ‘आवारापन 2’
फिल्म का पहला शो देखने के बाद दर्शकों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपने रिएक्शन शेयर करने शुरू कर दिए हैं। ज्यादातर दर्शक फिल्म की कहानी, इमरान हाशमी की परफॉर्मेंस और इमोशनल कनेक्शन की तारीफ करते नजर आ रहे हैं।
एक यूजर ने फिल्म के ओरिजिनल सॉन्ग को लेकर लिखा कि यह ‘फुल पैसा वसूल’ है। वहीं एक दूसरे दर्शक ने शुरुआती 20 मिनट की तारीफ करते हुए कहा कि फिल्म की शुरुआत इतनी इंगेजिंग है कि दर्शक आसानी से शिवम पंडित के किरदार से जुड़ जाता है।
सोशल मीडिया पर इमरान हाशमी की तारीफ करते हुए एक लाइन खास तौर पर चर्चा में है, “अक्खा बॉलीवुड एक तरफ और इमरान हाशमी एक तरफ।” इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अभिनेता की स्क्रीन प्रेजेंस ने फैंस को कितना प्रभावित किया है।
दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम किरदारों में
‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी लीड रोल में नजर आ रही हैं। वहीं दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी फिल्म में एक खतरनाक विलेन का किरदार निभाती दिखाई दे रही हैं। उनके लुक और किरदार को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है।
फिल्म में पुराने इमोशनल फ्लेवर के साथ नई कहानी और नए किरदारों को जोड़ा गया है, जिससे सीक्वल को अलग पहचान देने की कोशिश की गई है।
क्रिटिक्स ने भी दी फिल्म को हरी झंडी
दर्शकों के साथ फिल्म क्रिटिक्स की तरफ से भी ‘आवारापन 2’ को अच्छा रिस्पॉन्स मिलता दिखाई दे रहा है। मशहूर फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने फिल्म को 4 स्टार दिए हैं।
उन्होंने इमरान हाशमी की वापसी को फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि अभिनेता ‘आवारापन 2’ की जान हैं। उनके मुताबिक फिल्म में ऐसे कई पल हैं, जो आम दर्शकों को पसंद आएंगे और पहले पार्ट की यादें भी ताजा करेंगे।
तरण आदर्श ने फिल्म में शिवम पंडित के किरदार की कहानी और एक बच्चे के साथ उसके रिश्ते को भी खास बताया है। उनके मुताबिक यही रिश्ता फिल्म की कहानी का महत्वपूर्ण हिस्सा बनकर सामने आता है।
म्यूजिक को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया
फिल्म की कहानी और इमरान हाशमी की एक्टिंग की तारीफ के बीच इसके म्यूजिक को लेकर दर्शकों की राय थोड़ी अलग-अलग है। कुछ लोगों को लगता है कि फिल्म का संगीत और बेहतर हो सकता था। हालांकि, कई दर्शकों ने अमाल मलिक की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने प्रीतम की विरासत को आगे बढ़ाने की अच्छी कोशिश की है।
सबसे ज्यादा तारीफ इमरान हाशमी के उस पुराने अंदाज की हो रही है, जिसे देखने के लिए उनके फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
क्या 100 करोड़ के क्लब में पहुंचेगी फिल्म?
शुरुआती रिएक्शन और एडवांस बुकिंग को देखते हुए ‘आवारापन 2’ से बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की उम्मीद की जा रही है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि फिल्म आसानी से 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
हालांकि, फिल्म का असली बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन आने वाले दिनों में साफ होगा। फिलहाल शुरुआती रिएक्शन को देखते हुए इतना जरूर कहा जा सकता है कि इमरान हाशमी ने शिवम पंडित के किरदार में वापसी कर अपने पुराने फैंस की उम्मीदों को फिर से जगा दिया है।