पेड़ों के विवाद में खूनी संघर्ष, युवक का सिर फूटा; पिता का हाथ टूटा

Knews Desk- मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में जमीन और करीब 200 यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर चल रहा पुराना विवाद अब हिंसक हो गया है। पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों पर मारपीट, जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि अगर भविष्य में उनके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी आरोपियों की होगी।

पीड़ित पक्ष के मुताबिक, खेत की मेढ़ और पेड़ों को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि 24 मई को वृद्ध किसान राकेश कुमार के साथ मारपीट की गई थी, जिसमें उनकी बांह टूट गई थी। परिवार का दावा है कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद आरोपियों के हौसले बढ़ गए।

बताया गया कि 11 अगस्त की सुबह करीब पौने 11 बजे राकेश कुमार का बेटा राजीव कुमार खेत में लगे पेड़ों को देखने और उन्हें बेचने की बात करने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने ईंट और दरांती से उस पर हमला कर दिया। हमले में राजीव के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गया।

200 यूकेलिप्टस के पेड़ों को लेकर विवाद

परिवार का कहना है कि पैतृक जमीन पर करीब 200 यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हैं। इन्हीं पेड़ों और खेत की मेढ़ को लेकर विनोद कुमार और उसके परिजनों से विवाद चल रहा है। राकेश कुमार के अनुसार, वर्ष 2014 में उनके पिता के निधन के बाद जमीन का बंटवारा हो चुका था। इसके बावजूद विवाद खत्म नहीं हुआ और आए दिन परिवार को धमकियां मिलने का आरोप है।

पीड़ित राजीव का कहना है कि वह बीएड पास है और परिवार अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। आरोप है कि लगातार हो रहे विवाद और मारपीट के कारण परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

पीड़ित परिवार ने भगतपुर पुलिस पर मामले में ढिलाई बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का यह भी आरोप है कि उन पर झूठे मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाया जा रहा है।

मामले को लेकर राजीव और राकेश कुमार ने जिलाधिकारी, एसएसपी और डीआईजी को शिकायत देकर सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि, पुलिस के सोशल मीडिया सेल की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, भगतपुर थाने में मामले से संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *