SUV के आगे नहीं झुकी सेडान, जुलाई में 37 हजार से ज्यादा कारें बिकीं

Knews Desk– भारतीय ऑटो मार्केट में SUV कारों की बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद सेडान सेगमेंट ने जुलाई 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। जुलाई में कुल 37,728 सेडान कारों की बिक्री हुई, जो पिछले साल इसी महीने में बिकी 33,106 यूनिट्स के मुकाबले करीब 14 फीसदी ज्यादा है। बिक्री के मामले में Maruti Suzuki Dzire सबसे आगे रही। इसके बाद Hyundai Aura और Honda Amaze ने अपनी जगह बनाई। खास बात यह रही कि Honda Amaze की बिक्री में सालाना आधार पर 71 फीसदी की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सेडान कारों को लंबे समय से उनके आरामदायक सफर, बेहतर माइलेज, शानदार ड्राइविंग एक्सपीरियंस और बड़े बूट स्पेस के लिए पसंद किया जाता है। SUV की लोकप्रियता बढ़ने के बावजूद ऐसे ग्राहक अभी भी बड़ी संख्या में हैं, जो शहर में रोजाना इस्तेमाल और लंबी दूरी के सफर के लिए सेडान को बेहतर विकल्प मानते हैं। जुलाई के बिक्री आंकड़े भी इसी ट्रेंड की ओर इशारा कर रहे हैं।जुलाई में Maruti Suzuki Dzire सेडान सेगमेंट की सबसे ज्यादा बिकने वाली कार रही। इसकी कुल 23,791 यूनिट्स बिकीं। पिछले साल जुलाई में Dzire की 21,684 यूनिट्स बिकी थीं। यानी सालाना आधार पर इसकी बिक्री में करीब 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कुल सेडान बिक्री में अकेली Dzire की हिस्सेदारी करीब 63 फीसदी रही। इससे साफ है कि किफायती कीमत, माइलेज और कम मेंटेनेंस जैसी खूबियों के कारण Dzire अब भी ग्राहकों की मजबूत पसंद बनी हुई है।

दूसरे नंबर पर Hyundai Aura रही। जुलाई में इसकी 5,817 यूनिट्स बिकीं, जबकि पिछले साल इसी महीने में 4,636 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। इस तरह Aura की बिक्री में करीब 25 फीसदी की सालाना बढ़ोतरी हुई। कुल सेडान बिक्री में इसकी हिस्सेदारी करीब 15 फीसदी रही। इसके बाद Honda Amaze ने 3,436 यूनिट्स की बिक्री के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। Amaze की बिक्री पिछले साल जुलाई में 2,009 यूनिट्स थी। इस हिसाब से इसकी बिक्री में करीब 71 फीसदी का बड़ा इजाफा हुआ है।Volkswagen Virtus जुलाई में 1,420 यूनिट्स की बिक्री के साथ चौथे स्थान पर रही। हालांकि, इसकी बिक्री पिछले साल के मुकाबले 21 फीसदी कम हुई। Skoda Slavia की 993 यूनिट्स बिकीं और इसकी बिक्री में 15 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। Tata Tigor को जुलाई में 758 ग्राहक मिले, जबकि सालाना आधार पर इसकी बिक्री 21 फीसदी घटी।

Hyundai Verna की 737 यूनिट्स बिकीं और यह सातवें नंबर पर रही। इसकी बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 10 फीसदी की कमी आई। Honda City 571 यूनिट्स की बिक्री के साथ आठवें स्थान पर रही और इसकी बिक्री 11 फीसदी कम हुई। वहीं प्रीमियम सेडान Toyota Camry की 205 यूनिट्स बिकीं। पिछले साल जुलाई में इसकी 161 यूनिट्स की बिक्री हुई थी, यानी इस बार करीब 27 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।जुलाई के आंकड़ों से साफ है कि SUV के बढ़ते दबदबे के बावजूद सेडान सेगमेंट की मांग खत्म नहीं हुई है। खासकर Dzire जैसी कारें बड़ी संख्या में ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं, जबकि Amaze की तेज ग्रोथ बताती है कि सही कीमत, फीचर्स और डिजाइन वाली सेडान के लिए बाजार में अभी भी मजबूत मांग मौजूद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *