Knews Desk– Mahindra Scorpio Classic को नए अवतार में लाने की तैयारी की जा रही है। इसके Facelift मॉडल की कुछ डिजिटल तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें SUV का बदला हुआ डिजाइन नजर आ रहा है। हालांकि, इन तस्वीरों की महिंद्रा ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नए मॉडल में अपडेटेड फ्रंट डिजाइन, नई ग्रिल, नए अलॉय व्हील्स और इलेक्ट्रिक सनरूफ जैसे फीचर्स मिलने की उम्मीद है।डिजिटल रेंडर्स के मुताबिक, नई Scorpio Classic के फ्रंट में सबसे बड़ा बदलाव इसकी ग्रिल में देखने को मिल सकता है। मौजूदा मॉडल की वर्टिकल स्लैट वाली ग्रिल की जगह नई हनीकॉम्ब या मेश पैटर्न वाली ग्रिल दिखाई गई है। इसके साथ ही फ्रंट बंपर को भी नया लुक दिया गया है। बंपर पर बड़ा सिल्वर फॉक्स स्किड प्लेट और फॉग लैंप के आसपास नया डिजाइन नजर आता है। वहीं, हेडलैंप का शेप पहले जैसा ही रहने की संभावना है।
SUV के साइड प्रोफाइल में बहुत बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन कुछ अपडेट जरूर देखने को मिल सकते हैं। फ्रंट फेंडर पर लगी गार्निश को नया डिजाइन दिया गया है और टर्न इंडिकेटर्स को फेंडर से हटाकर ORVM पर दिया हुआ दिखाया गया है। दरवाजों और व्हील आर्च पर मौजूद क्लैडिंग में भी बदलाव नजर आ सकता है। इसके अलावा नए ब्लैक 5-स्पोक अलॉय व्हील्स SUV को पहले से ज्यादा प्रीमियम लुक दे सकते हैं।
रियर प्रोफाइल की बात करें तो यहां भी कुछ डिजाइन अपडेट देखने को मिल सकते हैं। डिजिटल तस्वीरों में इंटीग्रेटेड रूफ स्पॉयलर के साथ ब्रेक लैंप दिखाई देता है। टेल-लैंप के अंदर मौजूद वर्टिकल रेड एलिमेंट की जगह ब्लैक इंसर्ट नजर आता है। रियर बंपर को भी नया डिजाइन और फॉक्स स्किड प्लेट मिलने की उम्मीद है।Scorpio Classic के इंटीरियर में भी कुछ बदलाव किए जा सकते हैं। इसमें नया कलर थीम और अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की संभावना है। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा इलेक्ट्रिक सनरूफ को लेकर है। अगर महिंद्रा इसे प्रोडक्शन मॉडल में शामिल करती है, तो यह Scorpio Classic के लिए बड़ा अपडेट होगा, क्योंकि मौजूदा मॉडल में सनरूफ का फीचर नहीं मिलता। हालांकि, सीटिंग लेआउट और सेफ्टी फीचर्स में बदलाव को लेकर अभी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है।
इंजन की बात करें तो Facelift मॉडल में बड़े बदलाव की उम्मीद कम है। इसमें मौजूदा 2.2-लीटर mHawk डीजल इंजन जारी रखा जा सकता है। यह इंजन 130 bhp की पावर और 300 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। फिलहाल इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स और रियर-व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ पेश किया जाता है और नए मॉडल में भी यही सेटअप जारी रहने की संभावना है।लॉन्च की बात करें तो महिंद्रा नई Scorpio Classic को अपने सालाना इवेंट में पेश कर सकती है या इसे 2026 के अंत तक बाजार में उतारा जा सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसकी लॉन्च डेट या कीमत को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसलिए सामने आई डिजिटल तस्वीरों में दिखाए गए बदलावों को फिलहाल संभावित अपडेट के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।