Knews Desk– टीम इंडिया के बल्लेबाज सरफराज खान की करीब 18 महीने बाद टेस्ट टीम में वापसी हुई है। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को स्क्वॉड में शामिल किया गया है। हालांकि, टीम में वापसी के बावजूद उनके लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना आसान नहीं होगा। टीम में मौजूद दूसरे बल्लेबाजों ने अपनी दावेदारी मजबूत कर रखी है।
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू होने वाली है। पहला मुकाबला गॉल में खेला जाएगा। इससे पहले साई सुदर्शन के चोट के कारण सीरीज से बाहर होने की पुष्टि हुई। सुदर्शन दाएं पैर में स्ट्रेस फ्रैक्चर से जूझ रहे हैं और बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में मेडिकल टीम की निगरानी में हैं। BCCI ने बताया कि सुदर्शन चोट से उबर रहे हैं, लेकिन वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। ऐसे में चयन समिति ने सरफराज खान को उनकी जगह टीम में शामिल किया है।सरफराज खान लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे थे। उन्होंने अपना पिछला टेस्ट मैच नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद जनवरी 2025 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी वह भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। लगातार टीम से बाहर रहने के कारण उनके चयन को लेकर सवाल भी उठते रहे। अब साई सुदर्शन की चोट ने सरफराज के लिए टीम में वापसी का रास्ता खोल दिया है।
सरफराज को श्रीलंका की परिस्थितियों को देखते हुए उपयोगी विकल्प माना जा रहा है। स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड और तकनीक उन्हें खास बनाती है। वह दबाव में भी रन बनाने की क्षमता रखते हैं। श्रीलंका की पिचों पर स्पिन गेंदबाजों की भूमिका अहम रहती है, ऐसे में सरफराज का खेल टीम इंडिया के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। हालांकि, टीम में वापसी के बाद अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती प्लेइंग-11 में जगह बनाने की है।15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट में सरफराज को सीधे मौका मिलने की संभावना कम मानी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह नंबर-3 की स्थिति है। साई सुदर्शन इसी नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, जबकि सरफराज ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में इस स्थान पर बल्लेबाजी नहीं की है। इसके अलावा भारत के अभ्यास मैच में देवदत्त पडिक्कल ने तीसरे नंबर पर शानदार शतक लगाकर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट उन्हें मौका दे सकता है।
वहीं मिडिल ऑर्डर में भी सरफराज को ध्रुव जुरेल से चुनौती मिलेगी। फिलहाल जुरेल को प्राथमिकता मिलने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि करीब 18 महीने बाद टीम इंडिया में लौटने के बावजूद सरफराज को अपनी बारी के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि, अगर उन्हें मौका मिलता है तो श्रीलंका की परिस्थितियों में उनका प्रदर्शन उनके लिए आगे के दरवाजे खोल सकता है।श्रीलंका सीरीज के लिए भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में है, जबकि केएल राहुल उप-कप्तान हैं। टीम में यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान शामिल हैं। सरफराज की वापसी उनके लिए बड़ा मौका है, लेकिन अंतिम-11 में जगह बनाने के लिए उन्हें टीम में मौजूद मजबूत दावेदारों से मुकाबला करना होगा।