पटना में युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बनाने का आरोप, 3 युवक गिरफ्तार

पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में एक युवती ने तीन युवकों पर खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बंधक बनाने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दरभंगा में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में मस्जिद में पढ़ाने वाले मौलाना को गिरफ्तार किया गया है।

Knews Desk- पटना के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर-8B में एक युवती को कथित तौर पर नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बनाने का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि तीन युवकों ने उसके खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद उसे कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की गई।

जानकारी के मुताबिक, युवती बुद्धा कॉलोनी इलाके के एक गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती है। उसका इंद्रपुरी रोड स्थित किराए के मकान में रहने वाले युवकों के यहां पहले से आना-जाना था। बताया जा रहा है कि उसका कुछ सामान भी युवकों के कमरे में रखा हुआ था। वह अपना सामान लेने के लिए वहां पहुंची थी। इसी दौरान कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ खिलाया गया और उसके साथ छेड़छाड़ की गई।

शिकायत मिलने के बाद पाटलिपुत्र थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भागलपुर निवासी सौरभ कुमार झा और रोहन कुमार झा तथा कटिहार निवासी अमन कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक इंद्रपुरी रोड नंबर-8 में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करते थे।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पीड़िता की मेडिकल जांच कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। मामले में आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दरभंगा में 15 साल की किशोरी से दुष्कर्म का आरोप

वहीं, दरभंगा के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में एक मौलाना को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बिरौल थाना क्षेत्र के रूपनगर गांव निवासी मौलाना जैनुल आबेदीन के रूप में हुई है। वह इलाके की एक मस्जिद में पढ़ाने का काम करता था।

किशोरी के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना की जानकारी मिलने के करीब 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोप सही पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

दोनों मामलों में पुलिस का कहना है कि शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *