सिवान में कथित गैंगरेप और अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि युवती के अपहरण की कहानी सही नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, युवती अपनी छोटी बहन के साथ पहले से संपर्क में रहे युवक से मिलने होटल पहुंची थी, जहां दोनों ने कमरा बुक किया था।
Knews Desk- बिहार के सिवान में युवती के कथित अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच के बाद नया मोड़ सामने आया है। सिवान एसपी पूरन कुमार झा ने प्रेसवार्ता कर बताया कि शुरुआती तौर पर जिस अपहरण की बात सामने आई थी, जांच में उसके साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, युवती अपनी छोटी बहन के साथ ऑटो से होटल पहुंची थी, जबकि युवक मोटरसाइकिल से वहां आया था।
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को महादेवा थाना क्षेत्र के वीएमएचई स्कूल के पास से युवती के स्कॉर्पियो से अपहरण किए जाने और बसोपट्टी गांव ले जाकर दुष्कर्म करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
एसपी के निर्देश पर चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने युवती का बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल और आसपास के इलाकों की जांच की। महादेवा रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। इसके अलावा उस होटल की भी जांच की गई, जहां युवती और युवक के पहुंचने की जानकारी सामने आई।
युवक के संपर्क में थी युवती
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती पहले से अभिषेक बरनवाल नाम के युवक के संपर्क में थी। पुलिस के मुताबिक, युवती अपनी छोटी बहन के साथ ऑटो से होटल पहुंची थी। वहीं युवक मोटरसाइकिल से होटल आया था।
पुलिस ने बताया कि होटल में करीब 2,500 रुपये में कमरा बुक किया गया था। इसी कमरे में युवती के साथ दुष्कर्म की घटना होने की बात जांच में सामने आई है। पुलिस ने कहा कि वीएमएचई स्कूल के पास से युवती के अपहरण किए जाने की कहानी जांच में सही नहीं पाई गई।
छह घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के करीब छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि होटल और कथित घटनास्थल से वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।