दिल्ली के नरेला इलाके में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर की जोरदार टक्कर में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की जान चली गई। हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk– दिल्ली के बाहरी उत्तरी इलाके नरेला में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। ममूरपुर इलाके में हिमालय अपार्टमेंट के सामने करीब सुबह 8 बजे एक तेज रफ्तार मर्सिडीज और वैगनआर की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वैगनआर टक्कर के बाद करीब 30 मीटर तक पीछे घिसटती चली गई और वहां खड़ी एक तीन पहिया लोडिंग वैन से जा भिड़ी।
इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद 70 वर्षीय उर्मिला दोनों वाहनों की चपेट में आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में वैगनआर चालक को भी चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
रॉन्ग साइड से आ रही थी मर्सिडीज
जानकारी के मुताबिक, DL 1 C AB 0369 नंबर की मर्सिडीज को शुभम नाम का युवक चला रहा था। बताया जा रहा है कि उसने यह कार अपने दोस्त से ली थी। शुभम हरियाणा में तैनात एक सब इंस्पेक्टर का बेटा बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मर्सिडीज काफी तेज रफ्तार में थी और कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रही थी। इसी दौरान सामने से अपनी लेन में आ रही वैगनआर से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मर्सिडीज के एयरबैग भी खुल गए।
हादसे के बाद कार में मिली बीयर की बोतल
हादसे के बाद मर्सिडीज चालक शुभम कुछ समय तक गाड़ी के अंदर ही बैठा रहा। कार के अंदर बीयर की बोतल और नमकीन मिलने की बात सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि चालक नशे की हालत में था और काफी तेज गति से कार चला रहा था।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हादसे के वक्त चालक शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बुजुर्ग महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
नरेला थाने में मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों, वाहन की रफ्तार और चालक की स्थिति समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।